NCL में 259 पदों पर भर्ती: आवेदन का कल आखिरी दिन, जानिए योग्यता और वेतन
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में माइनिंग सरदार और सर्वेयर के कुल 259 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने में अब सिर्फ एक दिन बचा है। नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार जिन्होंने अभी तक आवेदन…
नॉर्दर्न कोलफील्ड्स लिमिटेड (NCL) में माइनिंग सरदार और सर्वेयर के कुल 259 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन प्रक्रिया समाप्त होने में अब सिर्फ एक दिन बचा है। नौकरी के इच्छुक उम्मीदवार जिन्होंने अभी तक आवेदन नहीं किया है, उन्हें सलाह दी जाती है कि वे 5 अगस्त की अंतिम तिथि से पहले अपनी पंजीकरण प्रक्रिया पूरी कर लें। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन 14 जुलाई सुबह 10 बजे से शुरू हुए थे।
NCL द्वारा जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 259 रिक्तियों में से 255 पद माइनिंग सरदार (टेक्निकल और सुपरवाइजरी ग्रेड-सी) के लिए हैं, जबकि 5 पद सर्वेयर (टेक्निकल और सुपरवाइजरी ग्रुप-बी, माइनिंग) के लिए आरक्षित हैं। इन सभी पदों पर नियुक्ति नियमित आधार पर की जाएगी।
कौन कर सकता है आवेदन?
माइनिंग सरदार (255 पद): इस पद के लिए उम्मीदवार का किसी मान्यता प्राप्त बोर्ड से मैट्रिक पास होना ज़रूरी है। इसके साथ ही, कोल माइन्स रेगुलेशन 2017 के तहत डीजीएमएस द्वारा जारी वैध माइनिंग सरदारशिप योग्यता प्रमाण-पत्र, वैध गैस टेस्टिंग प्रमाण-पत्र और वैध प्राथमिक चिकित्सा (फर्स्ट एड) प्रमाण-पत्र होना अनिवार्य है।
सर्वेयर (5 पद): इस पद के लिए भी न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता मैट्रिक है। आवेदक के पास कोल माइन्स रेगुलेशन 2017 के तहत जारी वैध सर्वेयर योग्यता प्रमाण पत्र (एसएससी) या माइनिंग/माइन सर्वेइंग इंजीनियरिंग में डिग्री या डिप्लोमा होना आवश्यक है।
आयु सीमा और आवेदन शुल्क
इन पदों के लिए न्यूनतम आयु 18 वर्ष और अधिकतम आयु 30 वर्ष निर्धारित की गई है। आयु की गणना आवेदन की अंतिम तिथि यानी 5 अगस्त के आधार पर की जाएगी। आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार ऊपरी आयु सीमा में छूट दी जाएगी। सामान्य, ओबीसी (नॉन-क्रीमी लेयर) और EWS वर्ग के उम्मीदवारों को 1,180 रुपये का आवेदन शुल्क ऑनलाइन जमा करना होगा, जबकि एससी, एसटी, ईएसएम और विभागीय उम्मीदवारों को शुल्क भुगतान से छूट दी गई है।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन कंप्यूटर-आधारित परीक्षा (CBT), मेरिट सूची और दस्तावेज़ सत्यापन के आधार पर किया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित होने पर माइनिंग सरदार पद के लिए 47,330.25 रुपये प्रति माह और सर्वेयर पद के लिए 51,103.12 रुपये प्रति माह का बेसिक वेतन मिलेगा। इसके अलावा, अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे।
इनपुट: IANS



