मंगलवार, 29 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

नवी मुंबई: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने महिला मैनेजर को किया गिरफ्तार

नवी मुंबई के एक स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में चलाए जा रहे देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में एक 24 वर्षीय महिला मैनेजर को गिरफ्तार किया गया…

नवी मुंबई: स्पा सेंटर की आड़ में चल रहा था देह व्यापार, पुलिस ने महिला मैनेजर को किया गिरफ्तार
(फोटो: IANS)

नवी मुंबई के एक स्पा सेंटर में मसाज की आड़ में चलाए जा रहे देह व्यापार रैकेट का पुलिस ने भंडाफोड़ किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में एक 24 वर्षीय महिला मैनेजर को गिरफ्तार किया गया है, जबकि उसके तीन अन्य साथियों की तलाश जारी है। पुलिस ने मौके से कुछ पीड़ित महिलाओं को भी बचाया है।

विज्ञापन

यह कार्रवाई नवी मुंबई पुलिस की अपराध शाखा के तहत काम करने वाली एंटी ह्यूमन ट्रैफिकिंग यूनिट (AHTU) ने की। वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों के निर्देश पर यह छापेमारी एक खुफिया सूचना के आधार पर की गई थी।

खुफिया सूचना पर पुलिस की कार्रवाई

वरिष्ठ पुलिस निरीक्षक गजानन कदम को गुप्त सूचना मिली थी कि 'एथेंस स्पा' में महिला मैनेजर अन्य महिलाओं से जबरन देह व्यापार करा रही है। इस जानकारी की पुष्टि के लिए पुलिस ने एक योजना बनाई। टीम ने एक फर्जी ग्राहक को पंच के साथ स्पा सेंटर भेजा। जैसे ही फर्जी ग्राहक से तय इशारा मिला, पुलिस दल ने तुरंत स्पा पर छापा मार दिया।

छापेमारी के दौरान पुलिस ने महिला मैनेजर को फर्जी ग्राहक से पैसे लेते हुए रंगे हाथों पकड़ा और गिरफ्तार कर लिया। मौके से देह व्यापार के लिए मजबूर की जा रही पीड़ित महिलाओं को सुरक्षित बाहर निकाला गया।

तीन अन्य आरोपी अब भी फरार

पुलिस जांच में सामने आया कि महिला मैनेजर अपने तीन अन्य सहयोगियों—महेश मोहनन नायर, सुहास नंदकुमार जाधव और वैभव रामचंद्र भास्कर—के साथ मिलकर यह अवैध धंधा चला रही थी। ये सभी आरोपी मिलकर महिलाओं को मसाज के नाम पर लाते थे और फिर उन्हें देह व्यापार के लिए मजबूर करते थे।

गिरफ्तार महिला मैनेजर को अदालत ने पुलिस हिरासत में भेज दिया है। पुलिस ने सभी आरोपियों के खिलाफ सीबीडी पुलिस थाने में भारतीय न्याय संहिता और पिटा कानून की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज किया है। फरार चल रहे तीन अन्य आरोपियों की तलाश की जा रही है और मामले की आगे की जांच जारी है।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →