गाजियाबाद: पहचान छिपाकर नाबालिग से दोस्ती और धर्मांतरण की कोशिश का आरोप, FIR दर्ज
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक युवक पर नाबालिग लड़की से अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर दोस्ती करने, उसे नशा देकर अपने वश में करने और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। समाचार…
गाजियाबाद के इंदिरापुरम इलाके में एक युवक पर नाबालिग लड़की से अपनी धार्मिक पहचान छिपाकर दोस्ती करने, उसे नशा देकर अपने वश में करने और धर्मांतरण के लिए दबाव बनाने जैसे गंभीर आरोप लगे हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, पीड़िता की माँ की शिकायत पर पुलिस ने FIR दर्ज कर मामले की जाँच शुरू कर दी है।
शिकायत में आरोप लगाया गया है कि आतिश खान नामक युवक ने खुद को सोनू उर्फ आदित्य सैनी बताकर किशोरी से दोस्ती की। परिवार का कहना है कि आरोपी ने लड़की को किसी नशीले पदार्थ का आदी बना दिया, जिसके असर से वह कई बार दो-दो दिन तक सोती रहती थी।
क्या हैं मुख्य आरोप?
पीड़ित परिवार ने 8 अगस्त को सहायक पुलिस आयुक्त के समक्ष अपनी शिकायत दर्ज कराई थी। उन्होंने आरोप लगाया है कि आरोपी युवक उनकी बेटी का लगातार पीछा करता था और एक बार तो उसे रंगे हाथों पकड़ा भी गया था। शिकायत में यह भी कहा गया है कि युवक ने रास्ते में किशोरी के साथ एक बार अश्लील हरकत भी की, जिससे वह काफी डर गई थी।
परिवार के मुताबिक, इस पूरे मामले में आरोपी की माँ की भी भूमिका रही है। आरोप है कि जब लड़की ने युवक से दूरी बनाने की कोशिश की, तो उसकी माँ ने किशोरी को भावनात्मक रूप से ब्लैकमेल किया। उसने धमकी दी कि अगर लड़की ने उसके बेटे से बात करना बंद किया, तो वह आत्महत्या कर लेगी और इसकी ज़िम्मेदार लड़की होगी।
धमकी और धर्मांतरण का भी आरोप
शिकायतकर्ता ने बताया कि आरोपी युवक ने लड़की के पिता को भी धमकी दी थी। परिवार ने धर्मांतरण के प्रयास की भी आशंका जताई है। अपनी और अपने परिवार की सुरक्षा को लेकर चिंता व्यक्त करते हुए उन्होंने पुलिस से सख्त कार्रवाई की मांग की है।
फिलहाल, पुलिस ने शिकायत के आधार पर मामला दर्ज कर लिया है। पहचान छिपाने, नशा देने, ब्लैकमेल करने और धर्मांतरण की कोशिश जैसे सभी आरोपों की गहराई से जाँच की जा रही है। जांच में सामने आए तथ्यों और बयानों के आधार पर ही आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: IANS



