मुंबई: सार्वजनिक शौचालय में रहस्यमयी केमिकल से दम घुटा, दो युवकों की मौत
मुंबई के राम मंदिर पूर्व इलाके में एक सार्वजनिक शौचालय के भीतर ज़हरीली गंध के कारण दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 27 सितंबर की सुबह…
मुंबई के राम मंदिर पूर्व इलाके में एक सार्वजनिक शौचालय के भीतर ज़हरीली गंध के कारण दो युवकों की दम घुटने से मौत हो गई। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह दर्दनाक घटना 27 सितंबर की सुबह मृणालताई ब्रिज के पास, पारसी पंचायत गेट के सामने स्थित एक टॉयलेट में हुई। मृतकों की पहचान 24 वर्षीय प्रभाकर धनिवार और 18 वर्षीय भाविन देसाई के रूप में हुई है।
स्थानीय लोगों ने बताया कि शुक्रवार सुबह करीब 8:30 बजे शौचालय के अंदर से केमिकल जैसी बहुत तेज़ बदबू आ रही थी। इसी बदबू के कारण दोनों युवक अंदर बेहोश हो गए थे। एक नागरिक द्वारा सूचना दिए जाने के बाद मौके पर हड़कंप मच गया और कई आपातकालीन एजेंसियां तुरंत घटनास्थल पर पहुंचीं। इनमें बीएमसी की मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी), पुलिस, 108 एंबुलेंस और बीएमसी का वार्ड स्टाफ शामिल था।
जांच और अस्पताल की रिपोर्ट
दोनों युवकों को फौरन पास के ट्रॉमा केयर अस्पताल ले जाया गया। हालांकि, अस्पताल के डॉक्टरों के मुताबिक, दोनों को मृत अवस्था में ही लाया गया था। डॉक्टरों ने शनिवार देर रात 3:49 बजे उन्हें मृत घोषित कर दिया। इस घटना के बाद इलाके में दहशत का माहौल है और प्रशासन ने एहतियात के तौर पर पब्लिक टॉयलेट को बंद कर दिया है।
फिलहाल यह रहस्य बना हुआ है कि शौचालय के अंदर यह खतरनाक केमिकल कौन-सा था और वहां कैसे पहुंचा। महाराष्ट्र प्रदूषण नियंत्रण बोर्ड (एमपीसीबी) और पुलिस की टीमें मामले की जांच कर रही हैं। वे यह पता लगाने की कोशिश कर रही हैं कि क्या यह किसी लीकेज का नतीजा था या इसके पीछे कोई और वजह है। अधिकारियों ने जांच के लिए सैंपल भी इकट्ठा किए हैं और कहा है कि विस्तृत जानकारी जांच पूरी होने के बाद ही दी जाएगी।
इनपुट: IANS



