मुंबई: कांग्रेस सांसद के PA पर SRA फ्लैट दिलाने के नाम पर 5.57 करोड़ की धोखाधड़ी का आरोप, FIR दर्ज
मुंबई में स्लम पुनर्वास प्राधिकरण (SRA) के तहत घर दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में एक मौजूदा कांग्रेस सांसद के निजी सहायक (PA) के खिलाफ…
मुंबई में स्लम पुनर्वास प्राधिकरण (SRA) के तहत घर दिलाने का झांसा देकर करोड़ों रुपये की धोखाधड़ी करने का एक बड़ा मामला सामने आया है। इस मामले में एक मौजूदा कांग्रेस सांसद के निजी सहायक (PA) के खिलाफ पुलिस ने केस दर्ज किया है। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, आरोपी पर फर्जी दस्तावेजों के सहारे कई लोगों से करीब 5.57 करोड़ रुपये ठगने का आरोप है।
पुलिस में दर्ज कराई गई शिकायत के मुताबिक, आरोपी और उसके साथियों ने कई सालों तक लोगों को SRA योजना में घर आवंटित कराने का झूठा वादा किया। शिकायतकर्ता ने बताया है कि इस गिरोह ने पीड़ितों का भरोसा जीतने के लिए SRA और सहकारी आवास कार्यालयों के फर्जी लेटरहेड, नकली मुहरें और जाली हस्ताक्षर का इस्तेमाल किया।
कैसे दिया गया धोखाधड़ी को अंजाम?
प्राथमिकी (FIR) में इस बात का जिक्र है कि आरोपियों ने मुंबई के अलग-अलग इलाकों में फ्लैट दिलाने के नाम पर पीड़ितों को ठगा। इनमें अंधेरी, सांताक्रूज, बांद्रा, कांदिवली और माटुंगा जैसे इलाके शामिल हैं। पीड़ितों को फर्जी आवंटन पत्र (allotment letters) और कब्जे के पत्र (possession letters) भी जारी किए गए थे, ताकि उन्हें लगे कि प्रक्रिया असली है।
शिकायतकर्ता का आरोप है कि गिरोह ने यह दिखावा किया कि उनकी आधिकारिक दफ्तरों में गहरी पैठ है और वे आसानी से प्रोजेक्ट अफेक्टेड पर्सन (PAP) कोटे के तहत आवास कक्ष दिलवा सकते हैं। इसी झांसे में आकर कई लोगों ने उन्हें लाखों रुपये दे दिए। पुलिस ने भारतीय न्याय संहिता की संबंधित धाराओं के तहत मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



