मुंबई: कुर्ला की बहुमंजिला इमारत में आग, धुएं से दम घुटने पर 9 लोग अस्पताल में भर्ती
मुंबई के कुर्ला इलाके में शुक्रवार सुबह एक 13-मंजिला रिहायशी इमारत आग की चपेट में आ गई, जिसके बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आग से उठे घने धुएं के कारण दम घुटने से कम से…
मुंबई के कुर्ला इलाके में शुक्रवार सुबह एक 13-मंजिला रिहायशी इमारत आग की चपेट में आ गई, जिसके बाद परिसर में अफरा-तफरी मच गई। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, आग से उठे घने धुएं के कारण दम घुटने से कम से कम 9 लोगों को अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा है। घटना सुबह करीब 7 बजे कोहिनूर स्कूल के पास स्थित एचडीआईएल बिल्डिंग नंबर 5 में हुई।
आग इमारत के ग्राउंड फ्लोर पर मौजूद इलेक्ट्रिक डक्ट की वायरिंग में लगी थी। देखते ही देखते यह बिजली के अन्य इंस्टॉलेशन और अलग-अलग मंजिलों पर लगे लोहे के दरवाजों तक फैल गई, जिससे इमारत में धुआं भर गया। सूचना मिलते ही बीएमसी का मुंबई फायर ब्रिगेड (एमएफबी), पुलिस, 108 एम्बुलेंस और स्थानीय वार्ड स्टाफ मौके पर पहुंच गया और बचाव कार्य शुरू किया।
धुएं की चपेट में आए लोग
राजावाड़ी अस्पताल के मेडिकल ऑफिसर ने बताया कि धुएं से प्रभावित सभी 9 लोगों को भर्ती कर लिया गया है। इनमें 30 वर्षीय ईशान अहमद, 5 वर्षीय मुहम्मद शेख, 27 वर्षीय फरीना बानो, 65 वर्षीय एजाज अहमद, 18 वर्षीय फरीन शेख, 14 वर्षीय नादया शेख, 45 वर्षीय कलीमा साहा और 17 वर्षीय अलीना शेख शामिल हैं, जिन्हें दम घुटने की शिकायत थी।
एक अन्य 55 वर्षीय निवासी जाहेद अली शेख को भी दाहिने पैर में चोट लगने के कारण अस्पताल में भर्ती कराया गया है। अस्पताल के मुताबिक, सभी की हालत फिलहाल स्थिर है।
शहर में हाल की अन्य आग की घटनाएं
यह घटना मुंबई में हाल के दिनों में हुई आगजनी की कई घटनाओं में से एक है। इससे पहले सोमवार को बोरीवली इलाके की सैफरन बिल्डिंग के एक फ्लैट में आग लगी थी, जिस पर दमकल की पांच गाड़ियों ने काबू पाया था। वहीं, 14 अक्टूबर को नाला सोपारा की 'इंपीरियल हाइट्स' इमारत में आग लगने पर लोगों को अपनी जान बचाने के लिए छज्जों पर आना पड़ा था।
इनपुट: IANS



