गाजियाबाद: खेत में टूटे हाईटेंशन तार की चपेट में आईं 3 महिलाएं, करंट लगने से 2 की मौत
गाजियाबाद के भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में मूली लेने गईं तीन महिलाएं जमीन पर गिरे एक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गईं, जिससे दो की मौत हो गई और एक युवती गंभीर…
गाजियाबाद के भोवापुर गांव में मंगलवार सुबह एक दर्दनाक हादसा हो गया। खेत में मूली लेने गईं तीन महिलाएं जमीन पर गिरे एक हाईटेंशन बिजली के तार की चपेट में आ गईं, जिससे दो की मौत हो गई और एक युवती गंभीर रूप से घायल हो गई। मृतकों की पहचान 50 वर्षीय सत्यवती और 20 वर्षीय रूबी के रूप में हुई है, जबकि 18 वर्षीय देवश्री का अस्पताल में इलाज चल रहा है।
समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, यह घटना नंदग्राम थाना क्षेत्र में सुबह करीब साढ़े छह बजे हुई। तीनों महिलाएं एक खेत में मूली लेने पहुंची थीं, लेकिन उन्हें इस बात का अंदेशा नहीं था कि वहां पहले से टूटा पड़ा बिजली का तार उनकी जान ले सकता है। करंट की चपेट में आते ही तीनों बुरी तरह झुलस गईं, जिसके बाद गांव में हड़कंप मच गया।
प्रशासनिक लापरवाही पर उठे सवाल
इस हादसे ने बिजली लाइनों के रखरखाव और सुरक्षा इंतजामों पर गंभीर सवाल खड़े कर दिए हैं। स्थानीय लोगों और परिजनों के मन में यह सवाल है कि हाईटेंशन लाइन का यह तार कब टूटा और संबंधित विभाग को इसकी जानकारी क्यों नहीं मिली। अगर तार पहले से टूटा था, तो उसे समय रहते ठीक क्यों नहीं किया गया, जिससे दो जानें चली गईं।
मृतक महिलाओं के परिजनों ने बताया कि उनका परिवार ठेके पर जमीन लेकर खेती करता है और महिलाएं सुबह इसी सिलसिले में खेत गई थीं। घटना की खबर मिलते ही परिवार में कोहराम मच गया। सूचना मिलने पर नंदग्राम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और घायल युवती को अस्पताल में भर्ती कराया। एसीपी नंदग्राम जियाउद्दीन अहमद के मुताबिक, मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई की जा रही है और घटनास्थल पर शांति व्यवस्था कायम है। पुलिस ने दोनों शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



