टाइगर श्रॉफ के घर के बाहर फायरिंग: कांग्रेस ने कानून-व्यवस्था पर उठाए सवाल, फडणवीस का इस्तीफा मांगा
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना ने महाराष्ट्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारों पर…
बॉलीवुड अभिनेता टाइगर श्रॉफ के मुंबई स्थित आवास के बाहर हुई गोलीबारी की घटना ने महाराष्ट्र में राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इस मुद्दे को लेकर कांग्रेस पार्टी ने राज्य और केंद्र की भाजपा सरकारों पर तीखा हमला बोला है और कानून-व्यवस्था की स्थिति पर गंभीर चिंता जताई है।
समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, कांग्रेस नेता शमा मोहम्मद ने इस घटना को आधार बनाते हुए महाराष्ट्र के गृह मंत्री देवेंद्र फडणवीस से इस्तीफे की मांग की है। उन्होंने सवाल किया कि जब मुंबई में टाइगर श्रॉफ जैसा एक जाना-माना अभिनेता सुरक्षित नहीं है, तो आम नागरिक की सुरक्षा का क्या हाल होगा।
कानून-व्यवस्था पर तीखे सवाल
शमा मोहम्मद ने घटना के वीडियो का जिक्र करते हुए कहा, "उन्हें (टाइगर श्रॉफ को) शूट करने के बाद ये लोग बोल रहे हैं कि हम लॉरेंस बिश्नोई के गैंग से हैं और हम आगे भी करेंगे। हम इन लोगों को नहीं छोड़ेंगे जो सलमान खान के साथ बात करते हैं या सलमान खान के साथ रिश्ते रखते हैं।"
कांग्रेस नेता ने इस बात पर हैरानी जताई कि गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई गुजरात की जेल में बंद होने के बावजूद आपराधिक गतिविधियों के आदेश कैसे दे पा रहा है। उन्होंने सीधे तौर पर गुजरात पुलिस, गुजरात सरकार और केंद्रीय गृह मंत्री अमित शाह की जवाबदेही पर प्रश्न उठाया। मोहम्मद ने कहा, "क्या अमित शाह को जवाब देना पड़ेगा कि कैसे लॉरेंस बिश्नोई जेल के अंदर रहकर ऐसे आदेश दे रहा है और लोगों को मरवा रहा है। इसको बंद करना पड़ेगा।"
फडणवीस के इस्तीफे की मांग
कांग्रेस ने मुंबई पुलिस की कार्यप्रणाली पर भी सवाल खड़े किए और दो साल पहले बाबा सिद्दीकी की हत्या का मामला भी उठाया, जिसे बिश्नोई गैंग ने ही अंजाम दिया था। शमा मोहम्मद ने कहा, "महाराष्ट्र के गृह मंत्री कौन हैं? देवेंद्र फडणवीस। उनको भी जवाब देना पड़ेगा। अगर लोगों को सुरक्षित नहीं रख सकते हो तो इस्तीफा दे दो और बाहर जाओ।"
उन्होंने अपनी सरकार के कार्यकाल की तुलना करते हुए कहा कि जब उनकी सरकार थी तो लोग सुरक्षित महसूस करते थे। इसके साथ ही उन्होंने बेरोजगारी और महंगाई जैसे मुद्दों पर भी सरकार को घेरा और आरोप लगाया कि सरकार अपनी नाकामियों से ध्यान भटकाने के लिए विपक्ष पर दोष मढ़ती है।
इनपुट: IANS



