मुंबई: विले पार्ले की ऊंची इमारत में देर रात लगी आग, दमकल की 10 गाड़ियां मौके पर
मुंबई के विले पार्ले (पश्चिम) इलाके में मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक 12 मंजिला रिहायशी इमारत आग की लपटों में घिर गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बैपटिस्टा रोड पर स्थि…
मुंबई के विले पार्ले (पश्चिम) इलाके में मंगलवार देर रात उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक 12 मंजिला रिहायशी इमारत आग की लपटों में घिर गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बैपटिस्टा रोड पर स्थित शांता भवन नाम की इस बिल्डिंग की 11वीं मंजिल पर आग लगी, जिसके बाद बड़े पैमाने पर बचाव अभियान शुरू किया गया।
मुंबई फायर ब्रिगेड को रात करीब 10:02 बजे आग लगने की सूचना मिली। शुरुआत में इसे लेवल-1 (सामान्य) की आग माना गया था, लेकिन स्थिति की गंभीरता को देखते हुए महज 14 मिनट के भीतर, रात 10:16 बजे, इसे लेवल-2 (मध्यम श्रेणी) में अपग्रेड कर दिया गया।
बड़े पैमाने पर बचाव कार्य
आग पर काबू पाने के लिए दमकल विभाग की करीब 10 गाड़ियां तुरंत घटनास्थल पर भेजी गईं। उनके साथ मुंबई पुलिस, 108 एम्बुलेंस सेवा और स्थानीय वार्ड के कर्मचारी भी राहत और बचाव कार्य में जुट गए। दमकलकर्मी इमारत में फंसे लोगों को सुरक्षित निकालने और आग को फैलने से रोकने के लिए लगातार प्रयास करते रहे।
खबर लिखे जाने तक इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई सूचना नहीं थी। अधिकारियों ने बताया कि फिलहाल आग लगने के कारणों का भी पता नहीं चल पाया है और जांच जारी है।
इनपुट: IANS



