रविवार, 20 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

मुंबई: गणेशोत्सव के दौरान लालबाग में दो हादसे, करंट लगने से बच्ची की मौत, पंडाल के बाहर युवक ने दम तोड़ा

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान लालबाग इलाके से दो दुखद खबरें सामने आई हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक घटना में पंडाल के बाहर करंट लगने से 8 वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से…

मुंबई: गणेशोत्सव के दौरान लालबाग में दो हादसे, करंट लगने से बच्ची की मौत, पंडाल के बाहर युवक ने दम तोड़ा
(फोटो: IANS)

मुंबई में गणेशोत्सव के दौरान लालबाग इलाके से दो दुखद खबरें सामने आई हैं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, एक घटना में पंडाल के बाहर करंट लगने से 8 वर्षीय बच्ची की जान चली गई, जबकि चार अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। वहीं, एक अन्य मामले में 'लालबागचा राजा' के दर्शन के लिए कतार में खड़े एक युवक की अचानक गिरने से मौत हो गई।

विज्ञापन

करंट लगने से बड़ा हादसा

यह हादसा लालबाग के कालाचौकी क्षेत्र में रविवार देर रात करीब 2 बजे हुआ। दत्ताराम लाड मार्ग पर स्थित कालाचौकी विभाग सार्वजनिक उत्सव मंडल के गणपति पंडाल के पास अचानक बिजली का करंट फैल गया, जिससे वहां अफरातफरी मच गई। उस समय उत्सव के कारण इलाके में भारी भीड़ मौजूद थी।

करंट की चपेट में आने से तीन लड़कियां और दो लड़के बुरी तरह झुलस गए। सभी पांच पीड़ितों को तत्काल भायखला के मसीना अस्पताल ले जाया गया, जहां डॉक्टरों ने 8 साल की एक बच्ची को मृत घोषित कर दिया। अस्पताल में भर्ती तीन अन्य घायलों की हालत गंभीर बनी हुई है और उन्हें ICU में रखा गया है। वहीं, एक अन्य घायल लड़की की नाजुक स्थिति को देखते हुए उसे बेहतर इलाज के लिए परेल के ग्लोबल अस्पताल में स्थानांतरित कर दिया गया है।

दर्शन की कतार में युवक की मौत

इससे पहले, जलगांव निवासी 25 वर्षीय जयदीप मेघराज नेमाडे की 'लालबागचा राजा' पंडाल के पास मौत हो गई थी। वह अपने दोस्तों के साथ दर्शन के लिए लाइन में लगा था, जब वह अचानक गिर पड़ा और उसकी मृत्यु हो गई।

मृतक के चाचा प्रमोद नेमाडे ने बताया, "वह 17 सितंबर की रात को निकले थे। हमें मेरे दूसरे बेटे का फोन आया जो उनके दोस्तों के साथ था, जिसके बाद हम तुरंत वहां पहुंचे। वह हर साल अपने चार दोस्तों के साथ वहां जाता था। उसे पहले से कोई बीमारी या स्वास्थ्य संबंधी समस्या नहीं थी। वह पूरी तरह स्वस्थ था। जब वह लाइन में खड़े होकर अंदर गया, तो उसे सांस लेने में दिक्कत हुई, इसलिए वह बाहर निकला और अचानक गिर पड़ा था।"

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →