रविवार, 15 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

मुंबई: कारोबारी को D-कंपनी के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी

मुंबई के एक कारोबारी ने डी-कंपनी के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। मोहम्मद फारूक मोहम्मद हनीफ शेख नाम के इस कारोबारी ने मुंबई पुलिस के जॉइंट…

मुंबई: कारोबारी को D-कंपनी के नाम पर 5 करोड़ की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी
(फोटो: IANS)

मुंबई के एक कारोबारी ने डी-कंपनी के नाम पर 5 करोड़ रुपये की रंगदारी मांगने और जान से मारने की धमकी मिलने का आरोप लगाया है। मोहम्मद फारूक मोहम्मद हनीफ शेख नाम के इस कारोबारी ने मुंबई पुलिस के जॉइंट कमिश्नर (क्राइम) को लिखित शिकायत देकर सुरक्षा और कार्रवाई की मांग की है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस मामले में बिल्डर रिजवी की पत्नी रुबीना रिजवी और रियाज भाटी नामक एक व्यक्ति पर गंभीर आरोप लगाए गए हैं।

विज्ञापन

शिकायतकर्ता के अनुसार, यह पूरा विवाद एक वकील की फीस और एक कानूनी मामले में अनापत्ति प्रमाण पत्र (NOC) को लेकर शुरू हुआ। रुबीना रिजवी ने अपने पति के एक मामले में अग्रिम जमानत के लिए कारोबारी से संपर्क किया था, जिसके बाद कारोबारी ने यह मामला अपने परिचित वकील को सौंप दिया था।

घटनाक्रम और धमकी का आरोप

आरोप है कि वकील ने हाईकोर्ट से अंतरिम राहत तो दिलवा दी, लेकिन तय फीस का भुगतान नहीं किया गया। कारोबारी की शिकायत के अनुसार, 19 सितंबर को रुबीना ने उन्हें अपने खार स्थित घर बुलाया और 25 सितंबर को फिर एनओसी के लिए संपर्क किया, जिस दौरान फीस को लेकर विवाद हो गया। इसके बाद रुबीना ने कथित तौर पर 4-5 लोगों को वकील के फोर्ट स्थित दफ्तर भेजा, जिन्होंने वकील को धमकाकर एनओसी देने का दबाव बनाया।

शिकायत में आगे बताया गया है कि 27 सितंबर को रियाज भाटी नाम का एक व्यक्ति कारोबारी के फोर्ट स्थित होटल हेवन पहुंचा। उसने खुद को डी-कंपनी का सदस्य बताते हुए कहा कि रुबीना ने उसे बात करने भेजा है। आरोप है कि भाटी ने धमकी दी कि अगर एनओसी नहीं दी तो गोली मार दी जाएगी। उसने कथित तौर पर 5 करोड़ रुपये की मांग करते हुए कहा कि पैसे देने पर मामला खत्म हो जाएगा, वरना जान से हाथ धोना पड़ेगा। कारोबारी का यह भी आरोप है कि भाटी उन्हें जबरन अपने साथ ले जाने की कोशिश कर रहा था, लेकिन तभी पुलिस की पेट्रोलिंग गाड़ी आने पर वह वहां से निकल सके।

पुलिस जांच और सुरक्षा की मांग

शिकायत के अनुसार, धमकी का सिलसिला यहीं नहीं रुका। 29 सितंबर को रुबीना रिजवी ने कारोबारी को फोन कर कथित तौर पर कहा कि डी-कंपनी में उसके अच्छे संबंध हैं और एनओसी न देने पर वह उनकी हत्या करवा देगी। अपनी शिकायत में कारोबारी ने खुद और अपने परिवार की जान को खतरा बताते हुए पुलिस सुरक्षा की गुहार लगाई है। उन्होंने आरोपियों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई करने और फोन कॉल डिटेल्स, मैसेज व सीसीटीवी फुटेज की जांच की भी मांग की है। इस मामले में मुंबई क्राइम ब्रांच की यूनिट-2 ने रुबीना रिजवी को नोटिस जारी कर 17 नवंबर को पूछताछ के लिए बुलाया है।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →