मुंबई: CSMT स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी निकली अफ़वाह, पुलिस ने चलाया सघन तलाशी अभियान
मुंबई के प्रतिष्ठित छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक फोन कॉल के जरिए स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
मुंबई के प्रतिष्ठित छत्रपति शिवाजी महाराज टर्मिनस (CSMT) रेलवे स्टेशन पर शनिवार शाम उस वक्त हड़कंप मच गया, जब एक फोन कॉल के जरिए स्टेशन को बम से उड़ाने की धमकी दी गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, धमकी मिलते ही पुलिस और सुरक्षा एजेंसियां तुरंत हरकत में आ गईं और पूरे स्टेशन परिसर की सघन तलाशी ली गई, लेकिन यह सूचना महज़ एक अफ़वाह निकली।
पुलिस नियंत्रण कक्ष को यह धमकी भरा फोन शनिवार शाम करीब 6 बजकर 50 मिनट पर डायल 112 के माध्यम से मिला। फोन करने वाले ने मोबाइल नंबर 9420112655 का इस्तेमाल करते हुए दावा किया कि सीएसएमटी स्टेशन पर बम रखा गया है। इस सूचना के बाद सुरक्षा व्यवस्था को तत्काल उच्चतम स्तर पर अलर्ट कर दिया गया।
तलाशी में नहीं मिली कोई संदिग्ध वस्तु
धमकी की गंभीरता को देखते हुए बम निरोधक दस्ते (Bomb Detection and Disposal Squad) और डॉग स्क्वॉड की टीमों को तुरंत मौके पर भेजा गया। टीमों ने स्टेशन के चप्पे-चप्पे, प्लेटफॉर्म, प्रतीक्षालय और अन्य संवेदनशील हिस्सों में गहन तलाशी अभियान चलाया। लगभग ढाई घंटे तक चले इस अभियान के बाद रात 9:30 बजे सुरक्षा एजेंसियों ने पुष्टि की कि स्टेशन पर कोई भी विस्फोटक या संदिग्ध वस्तु नहीं मिली है, जिसके बाद सभी ने राहत की सांस ली।
धमकी देने वाले की तलाश जारी
रेलवे पुलिस ने घटना की जानकारी मुख्य नियंत्रण कक्ष को दे दी है। फिलहाल, पुलिस की प्राथमिकता उस अज्ञात व्यक्ति की पहचान करना है जिसने यह फर्जी कॉल की थी। पुलिस कॉलर के मोबाइल नंबर के आधार पर उसकी लोकेशन ट्रेस करने और उसे गिरफ्तार करने के प्रयास में जुटी है। मामले की आगे की जांच चल रही है और एहतियात के तौर पर स्टेशन पर सुरक्षा कड़ी कर दी गई है।
मुंबई में हालिया धमकी की एक और घटना: गौरतलब है कि इससे पहले 12 नवंबर को भी बृहन्मुंबई महानगरपालिका (बीएमसी) मुख्यालय और पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) की एक शाखा को बम से उड़ाने की धमकी भरा ईमेल मिला था। हालांकि, पुलिस जांच में वह ईमेल भी फर्जी पाया गया था। पुलिस उस मामले में भी अज्ञात आरोपी के खिलाफ मामला दर्ज कर जांच कर रही है।
इनपुट: IANS



