मुंबई: कुर्ला में बारिश से हुए भूस्खलन ने ली 6 जानें, कई घर मलबे में दबे
मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में भारी बारिश के बाद हुए एक भूस्खलन ने छह लोगों की जान ले ली, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के हुए इस हादसे में…
मुंबई के कुर्ला पश्चिम इलाके में भारी बारिश के बाद हुए एक भूस्खलन ने छह लोगों की जान ले ली, जिनमें दो बच्चे भी शामिल हैं। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, बुधवार तड़के हुए इस हादसे में चार अन्य लोग घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना के बाद प्रशासन ने तत्काल राहत और बचाव कार्य शुरू कर दिया।
यह हादसा कुर्ला (पश्चिम) के अशोक नगर, टेकड़ी क्रमांक 3 पर बुधवार सुबह 3 से 3:45 बजे के बीच हुआ। लगातार हो रही बारिश के कारण पहाड़ी का एक हिस्सा खिसककर चॉल के दो-तीन घरों पर आ गिरा, जिससे कई लोग मलबे में दब गए। सूचना मिलते ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका (BMC), मुंबई अग्निशमन दल, राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (NDRF) और मुंबई पुलिस सहित कई एजेंसियां मौके पर पहुंच गईं और युद्धस्तर पर बचाव अभियान चलाया।
मृतकों और घायलों की पहचान
राजावाड़ी अस्पताल की सीएमओ डॉ. शीतल राउत ने बताया कि छह लोगों को अस्पताल लाए जाने पर मृत घोषित कर दिया गया। मृतकों में मोहम्मद समीर अंसारी (14), साहिल हुसैन अब्दुल काजी (19), एक 45 वर्षीय अज्ञात व्यक्ति, अबान आरिफ शेख (2), मन्नत आरिफ शेख (4) और मर्जिना आरिफ शेख (27) शामिल हैं। वहीं, कुर्ला भाभा अस्पताल के एमएस डॉ. वर्मा के मुताबिक, घायल सोहेल अंसारी (18), मोहम्मद अंसारी (14), नईमुद्दीन इकबाल खान (28) और साजिद अंसारी (16) का इलाज चल रहा है और उनकी हालत स्थिर बताई जा रही है।
प्रशासन की प्रतिक्रिया और मुआवजे का ऐलान
मुंबई की महापौर रितू तावडे ने घटनास्थल का दौरा कर बचाव कार्यों का जायजा लिया। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर कहा, "इस दुखद घटना में मिट्टी और मलबा कुछ घरों पर गिर गया, जिससे लोगों की जान चली गई।" उन्होंने बताया कि घटनास्थल तक पहुंचने का रास्ता संकरा होने से बचाव कार्य में दिक्कतें आ रही हैं, फिर भी मलबे में फंसे लोगों को निकालने की पूरी कोशिश की जा रही है। महापौर ने प्रभावित परिवारों को सांत्वना देते हुए हर संभव मदद का भरोसा दिया।
महापौर ने घोषणा की कि इस त्रासदी में जान गंवाने वाले प्रत्येक व्यक्ति के परिवार को 4 लाख रुपये की तत्काल आर्थिक सहायता दी जाएगी। इसके अलावा, घायलों के इलाज के लिए 50,000 रुपये की चिकित्सा सहायता प्रदान की जाएगी। प्रशासन ने कहा है कि बचाव कार्य पूरा होने तक स्थिति पर लगातार नजर रखी जाएगी।
इनपुट: IANS



