शुक्रवार, 25 सितम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

MPSC पेपर लीक: दो उम्मीदवारों समेत चार और गिरफ्तार, अब तक 11 लोग सलाखों के पीछे

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की औषध निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामला और गहरा गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम ने इस मामले में दो उम्मीदवारों और दो…

MPSC पेपर लीक: दो उम्मीदवारों समेत चार और गिरफ्तार, अब तक 11 लोग सलाखों के पीछे
(फोटो: IANS)

महाराष्ट्र लोक सेवा आयोग (MPSC) की औषध निरीक्षक (ड्रग इंस्पेक्टर) भर्ती परीक्षा में पेपर लीक का मामला और गहरा गया है। मुंबई क्राइम ब्रांच की विशेष जांच टीम ने इस मामले में दो उम्मीदवारों और दो बिचौलियों समेत चार और लोगों को गिरफ्तार किया है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, इस ताजा कार्रवाई के बाद मामले में गिरफ्तार हुए कुल आरोपियों की संख्या अब 11 हो गई है।

विज्ञापन

नई गिरफ्तारियों में साजिद संदे को सांगली से और विजय किंगर को बुलढाणा से पकड़ा गया है। ये दोनों ही परीक्षा के उम्मीदवार थे। वहीं, बिचौलिए की भूमिका निभाने वाले संदीप खलाटे और भैरवनाथ कदम को नवी मुंबई से गिरफ्तार किया गया है। जांच में सामने आया है कि परीक्षा की गोपनीयता भंग कर आर्थिक लाभ के लिए प्रश्नपत्र को अवैध तरीके से बाहर निकाला और बेचा गया।

अब तक कौन-कौन हुआ गिरफ्तार?

इस मामले में पहले भी कई महत्वपूर्ण गिरफ्तारियां हो चुकी हैं। इनमें MPSC के अवर सचिव अभिजीत लेंडवे, गोपनीय कक्ष के सहायक कक्ष अधिकारी विश्वेश्वर नकाते और गोपाल मराठे शामिल हैं। इनके अलावा कौटिल्य अकादमी के संचालक प्रवीण पाटील, बिचौलिए अमृत पाटील, लोकेश उर्फ गौरव पाटील और एक उम्मीदवार ऋतुजा पाटील को पहले ही गिरफ्तार किया जा चुका है।

कैसे सामने आया था पूरा मामला?

जांच से पता चला कि उम्मीदवार ऋतुजा पाटील और लोकेश उर्फ गौरव पाटील के बीच प्रेम संबंध था। ऋतुजा ने अपने पिता अमृत पाटील से परीक्षा का पेपर दिलाने के लिए कहा था। इसके बाद पिता अमृत पाटील ने कथित तौर पर नंदुरबार में कोचिंग क्लास चलाने वाले प्रवीण पाटील से संपर्क साधा। पुलिस जांच के अनुसार, प्रवीण पाटील और MPSC के गिरफ्तार अधिकारियों के बीच करीब 5 लाख रुपये के लेनदेन के सबूत मिले हैं, जबकि पूरी डील लगभग 12 लाख रुपये में तय हुई थी। विशेष जांच दल अब इस मामले में अन्य लोगों की संलिप्तता की भी जांच कर रहा है।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →