MECL में एग्जीक्यूटिव ट्रेनी की भर्ती: 13 पदों के लिए करें आवेदन, जानें योग्यता और सैलरी
अगर आप इंजीनियरिंग की डिग्री के साथ सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (MECL) आपके लिए एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, MECL ने…
अगर आप इंजीनियरिंग की डिग्री के साथ सरकारी नौकरी की तलाश में हैं, तो मिनरल एक्सप्लोरेशन एंड कंसल्टेंसी लिमिटेड (MECL) आपके लिए एक बेहतरीन मौका लेकर आया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, MECL ने इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा 2024 के आधार पर एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के 13 पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं।
इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 1 अगस्त से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 14 अगस्त तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं। इच्छुक अभ्यर्थियों को MECL की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर आवेदन फॉर्म भरना होगा।
कौन कर सकता है आवेदन?
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास किसी मान्यता प्राप्त संस्थान से संबंधित विषय में बीई/बीटेक या समकक्ष डिग्री होनी चाहिए। डिग्री में कम से कम 60 प्रतिशत अंक अनिवार्य हैं। आयु सीमा की बात करें तो 1 अगस्त को आवेदक की अधिकतम आयु 28 वर्ष से अधिक नहीं होनी चाहिए। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु में छूट दी जाएगी।
पदों का विवरण और चयन प्रक्रिया
जारी अधिसूचना के मुताबिक, कुल 13 रिक्तियों में से 1 पद इलेक्ट्रिकल ट्रेनी का और 12 पद मैकेनिकल ट्रेनी के लिए हैं। मैकेनिकल के पदों को खरीद, भंडार और ड्रिलिंग विभागों में बांटा गया है।
चयन का आधार: उम्मीदवारों का चयन संघ लोक सेवा आयोग (UPSC) द्वारा आयोजित इंजीनियरिंग सेवा परीक्षा (ESE) 2024 के लिखित और इंटरव्यू में मिले अंकों के आधार पर होगा। शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को दस्तावेज़ सत्यापन और मेडिकल फिटनेस टेस्ट से गुजरना होगा।
सैलरी और आवेदन शुल्क
एग्जीक्यूटिव ट्रेनी के पद पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को हर महीने 40,000 रुपये से लेकर 1,40,000 रुपये तक का वेतन मिलेगा। इसके अलावा अन्य भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। आवेदन के लिए सामान्य, ओबीसी और ईडब्ल्यूएस वर्ग के उम्मीदवारों को 500 रुपये का शुल्क देना होगा, जबकि एससी/एसटी, पीडब्ल्यूडी, पूर्व-सैनिक और विभागीय उम्मीदवारों को शुल्क में छूट दी गई है।
इनपुट: IANS



