मंगलवार, 25 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दिल्ली

दिल्ली: मायापुरी के क्लब के बाहर कोकीन और इटालियन पिस्टल के साथ जिम ट्रेनर गिरफ्तार

पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में एक निजी जिम ट्रेनर को ड्रग्स और अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उस…

दिल्ली: मायापुरी के क्लब के बाहर कोकीन और इटालियन पिस्टल के साथ जिम ट्रेनर गिरफ्तार
(फोटो: IANS)

पश्चिमी दिल्ली के मायापुरी इलाके में एक निजी जिम ट्रेनर को ड्रग्स और अवैध हथियार के साथ पकड़ा गया है। दिल्ली पुलिस के एंटी-नारकोटिक्स स्क्वॉड ने खुफिया सूचना के आधार पर कार्रवाई करते हुए आरोपी को उस वक्त गिरफ्तार किया, जब वह कथित तौर पर ग्राहकों को कोकीन की आपूर्ति करने पहुंचा था।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, 21 अगस्त की रात पुलिस को खबर मिली थी कि एक ड्रग सप्लायर मायापुरी इंडस्ट्रियल एरिया स्थित सोवा क्लब के बाहर आने वाला है। इस सूचना पर एसीपी ऑपरेशंस राजेश कुमार और इंस्पेक्टर अमित धानी के नेतृत्व में एक टीम ने इलाके में निगरानी शुरू कर दी। देर रात करीब 12:20 बजे एक सफेद स्विफ्ट कार में पहुंचे संदिग्ध को टीम ने दबोच लिया।

तलाशी में ड्रग्स और विदेशी पिस्टल बरामद

गिरफ्तार व्यक्ति की पहचान उत्तम नगर निवासी 34 वर्षीय आकाश उर्फ अक्की उर्फ सुशांत के रूप में हुई है। पुलिस ने जब उसकी तलाशी ली तो उसके पास से 4 ग्राम कोकीन बरामद हुई, जिसकी पुष्टि एफएसएल विशेषज्ञ ने की। इसके अलावा, आरोपी के कब्जे से .32 बोर की इटली में बनी पीबी बेरेटा गार्डोन वीटी ऑटोमैटिक पिस्टल, एक मैगजीन और पांच जिंदा कारतूस भी मिले। पुलिस ने आरोपी की स्विफ्ट कार भी जब्त कर ली है।

कैसे काम करता था आरोपी

पूछताछ में आकाश ने बताया कि वह एक जिम ट्रेनर है और पश्चिमी दिल्ली के नाइटलाइफ सर्किट में अपने संपर्कों के जरिए कोकीन बेचता था। घटना वाली रात वह मायापुरी में एक दोस्त की जन्मदिन पार्टी में गया था, जहां दो दोस्तों ने उससे कोकीन का इंतजाम करने को कहा। इसके बाद वह पंजाबी बाग के रिंग रोड इलाके से कोकीन लेकर वापस सोवा क्लब पहुंचा ही था कि पुलिस ने उसे पकड़ लिया।

पुलिस ने आरोपी के खिलाफ एनडीपीएस एक्ट और आर्म्स एक्ट की संबंधित धाराओं के तहत मायापुरी थाने में मामला दर्ज कर लिया है। अब पुलिस इस बात की जांच कर रही है कि उसे कोकीन और अवैध हथियार कहां से मिले और इस नेटवर्क में और कौन लोग शामिल हैं।

इनपुट: IANS

N

News4Social दिल्ली डेस्क

News4Social दिल्ली डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से दिल्ली और एनसीआर से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →