ऑस्कर 2027 में भारत का प्रतिनिधित्व करेगी मराठी फिल्म 'गोंधल', महाराष्ट्र के सीएम ने बताया 'गर्व का पल'
भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें निर्देशक संतोष डावखर की मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि (एंट्री) के रूप में चुना गया है। समाचार एजेंसी IANS की…
भारतीय सिनेमा के लिए एक बड़ी खबर सामने आई है, जिसमें निर्देशक संतोष डावखर की मराठी फिल्म 'गोंधल' को ऑस्कर 2027 के लिए भारत की आधिकारिक प्रविष्टि (एंट्री) के रूप में चुना गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह फिल्म 99वें एकेडमी अवॉर्ड्स में 'बेस्ट इंटरनेशनल फीचर फिल्म' श्रेणी में देश का प्रतिनिधित्व करेगी।
शुक्रवार को मुंबई में फिल्म फेडरेशन ऑफ इंडिया द्वारा की गई इस घोषणा के बाद महाराष्ट्र के मुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस ने इसे मराठी सिनेमा के लिए एक ऐतिहासिक और गौरवपूर्ण क्षण बताया। मुख्यमंत्री कार्यालय (सीएमओ) के आधिकारिक 'एक्स' हैंडल पर एक पोस्ट में फिल्म की पूरी टीम को बधाई दी गई।
कड़ी प्रतिस्पर्धा में मारी बाजी
इस साल ऑस्कर में भारत की आधिकारिक एंट्री बनने की दौड़ में कुल 33 फिल्में शामिल थीं। 'गोंधल' ने दिलजीत दोसांझ की 'मैं वापस आऊंगा', 'बॉर्डर 2' और रणवीर सिंह की 'धुरंधर' फ्रेंचाइजी समेत 'डुग डुग', 'हक', 'इक्कीस' और 'प्रवास' जैसी कई चर्चित फिल्मों को पीछे छोड़ते हुए यह स्थान हासिल किया है।
महाराष्ट्र की लोक कला पर आधारित है फिल्म
'गोंधल' की कहानी महाराष्ट्र की समृद्ध लोक परंपरा 'गोंधल' पर केंद्रित है। यह एक रात भर चलने वाला एक पारंपरिक अनुष्ठान है, जिसमें संगीत, नृत्य और पौराणिक कथाओं का अद्भुत संगम देखने को मिलता है। फिल्म में किशोर कदम, इशिता देशमुख, योगेश सोहोनी, निषाद भोईर और अनुज प्रभु जैसे कलाकारों ने मुख्य भूमिकाएं निभाई हैं।
इनपुट: IANS



