महाराष्ट्र: दिवाली से पहले 83 हजार ST कर्मचारियों को मिलेगी सैलरी, सरकार ने जारी किए 391 करोड़ रुपये
महाराष्ट्र में दिवाली के त्योहार से ठीक पहले राज्य सड़क परिवहन महामंडल (ST) के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने महामंडल को 391.02 करोड़ रुपये की निधि जारी करने की मंजूरी दे दी है…
महाराष्ट्र में दिवाली के त्योहार से ठीक पहले राज्य सड़क परिवहन महामंडल (ST) के कर्मचारियों के लिए एक बड़ी राहत की खबर है। सरकार ने महामंडल को 391.02 करोड़ रुपये की निधि जारी करने की मंजूरी दे दी है, जिससे करीब 83 हजार अधिकारियों और कर्मचारियों को त्योहार से पहले उनका वेतन मिल सकेगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस संबंध में मंगलवार को एक शासनादेश जारी किया गया।
यह राशि सितंबर 2026 में यात्रियों को दी गई विभिन्न रियायतों की प्रतिपूर्ति के तौर पर जारी की गई है। गौरतलब है कि ST महामंडल के कर्मचारियों का वेतन आम तौर पर हर महीने की 7 से 10 तारीख के बीच होता है। लेकिन इस साल 6 नवंबर से दिवाली शुरू होने के कारण, परिवहन मंत्री प्रताप सरनाईक ने कर्मचारियों को समय पर वेतन सुनिश्चित करने के लिए प्रशासन को तत्काल कार्रवाई के निर्देश दिए थे।
क्यों महत्वपूर्ण है यह सरकारी मदद?
ST महामंडल द्वारा चलाई जाने वाली महिला सम्मान योजना और वरिष्ठ नागरिकों सहित कई अन्य यात्री रियायत योजनाओं के कारण उस पर बड़ा आर्थिक बोझ पड़ता है। सरकार से इन रियायतों की प्रतिपूर्ति के रूप में समय पर पैसा मिलने से महामंडल की वित्तीय व्यवस्था सुचारू रूप से चलती है। इसी राशि से कर्मचारियों के वेतन का भुगतान भी किया जाता है। मंत्री सरनाईक के प्रयासों के बाद परिवहन विभाग और ST प्रशासन ने सरकार से यह निधि प्राप्त की।
कर्मचारियों के हित में सरकार का फैसला: मंत्री सरनाईक
परिवहन मंत्री व एसटी महामंडल के अध्यक्ष प्रताप सरनाईक ने कहा, "एसटी केवल एक परिवहन सेवा नहीं है, बल्कि महाराष्ट्र के लाखों नागरिकों के जीवन का अभिन्न हिस्सा है। इस सेवा को दिन-रात सुचारू रूप से चलाने वाले अधिकारी और कर्मचारी ही महामंडल की असली ताकत हैं।" उन्होंने आगे कहा कि उनकी ईमानदार कोशिश है कि कर्मचारियों के परिवार भी खुशी से दिवाली मना सकें।
प्रताप सरनाईक ने यह भी कहा, "कर्मचारियों को दिवाली से पहले वेतन देने के लिए हमने जो वादा किया था, उसे पूरा करने की दिशा में सरकार ने महत्वपूर्ण निर्णय लिया है। अब एसटी प्रशासन वेतन वितरण की प्रक्रिया तत्काल पूरी करे।" इस फैसले से त्योहार के मौके पर कर्मचारियों को आर्थिक परेशानियों का सामना नहीं करना पड़ेगा।
इनपुट: IANS



