मंगलवार, 10 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

महाराष्ट्र में UCC नहीं, 'हिंदू सिविल कोड' लाने की तैयारी में है सरकार: असदुद्दीन ओवैसी

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की कोशिशों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को मुंबई में…

महाराष्ट्र में UCC नहीं, 'हिंदू सिविल कोड' लाने की तैयारी में है सरकार: असदुद्दीन ओवैसी
(फोटो: IANS)

ऑल इंडिया मजलिस-ए-इत्तेहादुल मुस्लिमीन (AIMIM) के प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने महाराष्ट्र में समान नागरिक संहिता (UCC) लागू करने की कोशिशों को लेकर राज्य सरकार पर तीखा हमला बोला है। मंगलवार को मुंबई में मीडिया से बात करते हुए उन्होंने आरोप लगाया कि यह UCC नहीं, बल्कि एक 'हिंदू सिविल कोड' थोपने की तैयारी है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ओवैसी ने कहा कि मुसलमानों को उनके धर्म के हिसाब से जीने से रोकने के लिए यह कानून लाया जा रहा है।

विज्ञापन

ओवैसी ने देवेंद्र फडणवीस सरकार द्वारा गठित कमेटी और तैयार की गई प्रश्नावली पर गंभीर सवाल उठाए। उन्होंने कहा, "महाराष्ट्र सरकार ने यूसीसी लागू करने के लिए लोगों से राय मांगी है और कमिटी गठित की है।" उन्होंने इस बात पर ज़ोर दिया कि प्रश्नावली में बहुविवाह और बिना अदालत के तलाक़ जैसे मुद्दों पर 'लीडिंग सवाल' पूछे गए हैं, लेकिन 'हिंदू अविभाजित परिवार' (HUF) पर कोई सवाल नहीं है।

मुस्लिम समुदाय को निशाना बनाने का आरोप

AIMIM प्रमुख ने दावा किया कि गुजरात, उत्तराखंड, असम और मध्य प्रदेश की तरह ही महाराष्ट्र में भी मुसलमानों को निशाना बनाने की कोशिश हो रही है। उन्होंने कहा कि UCC के लिए बनाई गई राज्य सरकार की कमेटी में एक भी मुस्लिम सदस्य का न होना इस बात का सबूत है। ओवैसी ने कहा, "इस्लाम में शादी जन्मों-जन्मों का साथ नहीं है। इस्लाम में औरत को शादी से बाहर निकलने का खुला अधिकार है। आपकी जो सोच है कि अगर एक बार शादी हो गई तो कम से कम 1 साल तक रिश्ते में बने रहना है। इसीलिए मैं कहता हूं कि यह यूसीसी नहीं, हिंदू मैरिज एक्ट है।"

अखिलेश यादव पर तंज, गठबंधन से इनकार

इस बातचीत के दौरान ओवैसी ने समाजवादी पार्टी के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की संभावना को खारिज कर दिया। सपा प्रमुख अखिलेश यादव के अयोध्या दौरे पर टिप्पणी करते हुए उन्होंने सवाल किया, "समाजवादी पार्टी के वे सभी मुस्लिम सांसद और विधायक क्या करेंगे, जिनके पिता बाबरी मस्जिद मामले में जेल गए थे? खैर, मैं फिल्म 'शोले' का वह डायलॉग तो नहीं बोल सकता कि 'अब तुम्हारा क्या होगा?' अब जवाब तो उन्हें ही देना है।"

जब उनसे सपा ('साइकिल') और कांग्रेस ('हाथ') के साथ गठबंधन के बारे में पूछा गया, तो उन्होंने कहा, "आप हमेशा 'हाथ' और 'साइकिल' की ही बात क्यों करते हैं, खासकर आज के दौर में?... देखिए, जब हम 5जी से भी आगे बढ़ रहे हैं... तो फिर आप भविष्य की ओर क्यों नहीं देखते?"

'मुस्लिम अब दूल्हा-दूल्हन बनेंगे, बैंड बाजा नहीं'

उत्तर प्रदेश की राजनीति का ज़िक्र करते हुए ओवैसी ने कहा कि मुस्लिम समुदाय को अब केवल वोट बैंक के तौर पर इस्तेमाल नहीं होने दिया जाएगा। उन्होंने कहा, "अब्दुल कब तक पंचर बनाता रहेगा? साइकिल पंचर हो गई, आपने ही उसे पंचर किया था, तो अब उसे पीछे छोड़ दीजिए। भारत में मुसलमान इकलौता ऐसा समुदाय है, जिसे 60 सालों से बस यही कहा गया है कि 'वोट डालो और चुपचाप घर जाकर बैठ जाओ।' हम कह रहे हैं कि अब हम यह खामोशी और बर्दाश्त नहीं करेंगे। हमें बैंड बाजा का पार्टी बना दिया। हम बैंड वाले नहीं, दूल्हा-दूल्हन बनेंगे।"

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →