गुरूवार, 19 नवम्बर 2026 · नई दिल्ली
महाराष्ट्र

मुंबई के 9 नामी रेस्टोरेंट पर FDA का ताला, महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा पर बड़ी कार्रवाई

महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों और प्रतिष्ठानों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के…

मुंबई के 9 नामी रेस्टोरेंट पर FDA का ताला, महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा पर बड़ी कार्रवाई
(फोटो: IANS)

महाराष्ट्र में खाद्य सुरक्षा नियमों का उल्लंघन करने वाले होटलों और प्रतिष्ठानों पर खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने बड़ी कार्रवाई की है। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, FDA आयुक्त तुकाराम मुंढे के निर्देश पर हुई इस राज्यव्यापी मुहिम में मुंबई के 9 मशहूर रेस्टोरेंट समेत कुल 12 प्रतिष्ठानों के लाइसेंस निलंबित कर दिए गए हैं।

विज्ञापन

दक्षिण मुंबई के इन नौ प्रतिष्ठानों में कोलाबा का कैफे आइडियल, सौरभ होटल्स, फोर्ट का चेतना रेस्टोरेंट, मियान कबाब्स, कफ परेड का बेरोट, चर्चगेट का नेचुरल आइसक्रीम, श्रीयोग रेस्टोरेंट, नरीमन पॉइंट का गुप्ता फ्रूट जूस सेंटर और प्रकाश डोसा शामिल हैं। FDA की टीम को 17 नवंबर को हुए निरीक्षण के दौरान इन जगहों पर गंभीर अनियमितताएं मिलीं, जिसके बाद खाद्य सुरक्षा एवं मानक अधिनियम, 2006 के तहत यह कदम उठाया गया।

छापेमारी में क्या मिला?

निरीक्षण के दौरान कई नामी जगहों पर किचन में गंदगी, खाद्य पदार्थों का खराब स्टोरेज, कीड़े-मकौड़े और चूहों की मौजूदगी जैसी चौंकाने वाली खामियां सामने आईं। FDA ने पाया कि कुछ जगहों पर खाद्य पदार्थ खुले में रखे थे और कर्मचारियों के पास जरूरी मेडिकल प्रमाणपत्र भी नहीं थे। लाइसेंस निलंबित रहने तक ये प्रतिष्ठान किसी भी तरह के खाद्य पदार्थ की खरीद, बिक्री या वितरण नहीं कर सकेंगे।

राज्य भर में हुई कार्रवाई

यह अभियान सिर्फ मुंबई तक सीमित नहीं था। FDA ने राज्य के विभिन्न जिलों में छापेमारी कर कुल 1.27 करोड़ रुपये का खाद्य भंडार जब्त किया है। कुछ प्रमुख कार्रवाइयां इस प्रकार हैं:

  • ठाणे: पांचपाखाड़ी, जीबी रोड और मुंब्रा में स्थित तीन प्रतिष्ठानों (ब्लिंक कॉमर्स प्राइवेट लिमिटेड, ब्रोदयामा फूड्स एलएलपी, सागर स्वीट एंड बेकरी) के लाइसेंस भी निलंबित किए गए।
  • पुणे: मावल में एक सुपरमार्ट से भ्रामक लेबल वाला 20,085 लीटर खाद्य तेल जब्त किया गया, जिसकी कीमत करीब 50.27 लाख रुपये है। इसके अलावा, 'ईट राइट स्ट्रीट' अभियान के तहत छह दुकानों को कारोबार बंद करने का नोटिस दिया गया।
  • नागपुर: दो प्रतिष्ठानों से मानकों पर खरा न उतरने वाला 25,357 किलोग्राम सुपारी जब्त की गई, जिसकी कीमत 75.19 लाख रुपये आंकी गई है।
  • सोलापुर: अकलूज में एक कैटरर के यहां से 144 किलोग्राम एक्सपायरी और अस्वच्छ खाद्य सामग्री (घी, मैदा, बेसन) जब्त की गई।

इसके अतिरिक्त, FDA ने मुंबई, पुणे, कोकण, नासिक और नागपुर में प्रतिबंधित गुटखा और पान मसाला के अवैध भंडारण के खिलाफ भी अभियान चलाया, जिसमें पांच लोगों को गिरफ्तार कर उनके खिलाफ FIR दर्ज की गई है।

इनपुट: IANS

N

News4Social महाराष्ट्र डेस्क

News4Social महाराष्ट्र डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से महाराष्ट्र से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →