सतारा: पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर भीषण टक्कर, कार सवार 4 दोस्तों की मौके पर मौत, 2 घायल
महाराष्ट्र के सतारा जिले में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा…
महाराष्ट्र के सतारा जिले में पुणे-बेंगलुरु हाईवे पर एक दर्दनाक सड़क हादसे में चार युवकों की जान चली गई, जबकि दो अन्य गंभीर रूप से घायल हो गए। समाचार एजेंसी IANS से मिली जानकारी के अनुसार, यह हादसा सोमवार-मंगलवार की दरमियानी रात को शिरवल इलाके में हुआ, जब एक तेज रफ्तार नेक्सन कार ने एक ट्रक को पीछे से टक्कर मार दी।
टक्कर इतनी भीषण थी कि कार के परखच्चे उड़ गए और उसमें सवार चार युवकों ने मौके पर ही दम तोड़ दिया। मृतकों की पहचान वेदांत अर्जुन वारिंगे (19), सोनलिंग धीरेंद्र ठाकुर (19), आदित्य बालासाहेब गरुड़ (19) और निखिल बालू राउत (20) के रूप में हुई है। ये सभी पुणे के मावल तालुका में स्थित कामशेत और तालेगांव दाभाड़े के रहने वाले थे।
पुलिस ने शुरू की जांच
हादसे में दीक्षित दयानंद पुजारी (20) और मयूर हनुमंत शिंदे (20) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनका अस्पताल में इलाज चल रहा है। घटना की सूचना मिलते ही शिरवल पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस ने क्षतिग्रस्त वाहनों को हाईवे से हटाकर यातायात को सुचारु कराया। शवों को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया है और घायलों को तत्काल चिकित्सा के लिए अस्पताल पहुंचाया गया।
पुलिस ने इस संबंध में मामला दर्ज कर लिया है और दुर्घटना के सटीक कारणों का पता लगाने के लिए जांच कर रही है। इस घटना के कारण हाईवे पर कुछ देर के लिए लंबा जाम भी लग गया था।
इनपुट: IANS



