बीड में खाद्य तेल कारोबारियों पर FDA की बड़ी कार्रवाई, 1.94 करोड़ रुपये का तेल ज़ब्त, 5 फर्मों के लाइसेंस सस्पेंड
महाराष्ट्र के बीड ज़िले में खाद्य तेल कारोबारियों के खिलाफ एक बड़े अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने करीब 1.94 करोड़ रुपये का तेल ज़ब्त किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 'सेफ…
महाराष्ट्र के बीड ज़िले में खाद्य तेल कारोबारियों के खिलाफ एक बड़े अभियान में खाद्य एवं औषधि प्रशासन (FDA) ने करीब 1.94 करोड़ रुपये का तेल ज़ब्त किया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, 'सेफ फूड, सेफ महाराष्ट्र' अभियान के तहत की गई इस कार्रवाई में गंभीर अनियमितताएं पाए जाने पर पांच प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिए गए हैं।
यह विशेष अभियान 6 और 7 अगस्त, 2026 को चलाया गया था, जिसका उद्देश्य खाद्य तेल की री-पैकिंग और खुले तेल की बिक्री में हो रही गड़बड़ियों को रोकना था। FDA के संयुक्त आयुक्त श्रीकांत करकले और सहायक आयुक्त नितिन मोहिते के मार्गदर्शन में अधिकारियों ने कई इकाइयों पर छापे मारे और कुल 1,19,187.5 किलोग्राम खाद्य तेल ज़ब्त किया।
सबसे बड़ी कार्रवाई इन दो यूनिटों पर
स्वागत ऑयल इंडस्ट्रीज: बीड एमआईडीसी स्थित इस इकाई पर 6 अगस्त को छापा मारा गया। जांच में पता चला कि एक ही टैंक में रखे सोयाबीन तेल को 'रिफाइंड' और 'अल्ट्रा रिफाइंड' जैसे अलग-अलग लेबल लगाकर पैक किया जा रहा था। इसके अलावा, पुराने टिनों का दोबारा इस्तेमाल, परिसर में गंदगी, लैब का न होना और गुणवत्ता प्रमाणपत्रों की कमी जैसी कई खामियां मिलीं। यहां से 1,05,85,236 रुपये मूल्य का 66,652.6 किलोग्राम तेल ज़ब्त कर लाइसेंस निलंबित कर दिया गया।
चरखा ऑयल मिल: एमआईडीसी में ही स्थित इस मिल में भी पामोलीन तेल की भ्रामक पैकेजिंग, पुराने टिनों का उपयोग और अस्वच्छ उत्पादन व्यवस्था पाई गई। अधिकारियों ने यहां से 78,22,050 रुपये कीमत का 45,995.7 किलोग्राम तेल ज़ब्त किया और यूनिट का लाइसेंस निलंबित कर दिया।
तीन अन्य प्रतिष्ठानों पर भी एक्शन
FDA की टीम ने 7 अगस्त को तीन अन्य जगहों पर भी कार्रवाई की। वडवाणी स्थित जय हनुमान ट्रेडर्स से पुराने टिनों के इस्तेमाल और गंदगी के कारण 7,24,596 रुपये का 4,545.2 किलोग्राम तेल ज़ब्त किया गया। वहीं, माजलगांव में जाह्नवी कमर्शियल्स से बिना लेबल वाले असुरक्षित भंडारण के चलते 2,79,360 रुपये का 1,746 किलोग्राम खुला तेल और विनायक ऑयल इंडस्ट्रीज से 39,680 रुपये का 248 किलोग्राम तेल ज़ब्त किया गया। इन तीनों प्रतिष्ठानों के लाइसेंस भी निलंबित कर दिए गए हैं।
नागरिकों के लिए FDA की सलाह
विभाग ने कहा कि यह कार्रवाई जनस्वास्थ्य और उपभोक्ता सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए की गई है। प्रशासन ने नागरिकों से अपील की है कि वे केवल लाइसेंसधारी विक्रेताओं से ही खाद्य तेल खरीदें। साथ ही, पैकेट पर FSSAI लाइसेंस नंबर, निर्माण और समाप्ति की तारीख और उचित लेबलिंग की जांच अवश्य करें। FDA ने स्पष्ट किया है कि राज्य भर में इस तरह के अभियान आगे भी जारी रहेंगे।
इनपुट: IANS



