पुणे: खुद को ATS बताकर बुजुर्ग को 'डिजिटल अरेस्ट' किया, पाकिस्तानी आतंकी कनेक्शन का डर दिखाकर ₹5 लाख ठगे
पुणे के औंध इलाके में रहने वाले एक 66 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए, जहाँ अपराधियों ने खुद को मुंबई एटीएस का अधिकारी बताकर उनसे पांच लाख रुपए ऐंठ लिए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के…
पुणे के औंध इलाके में रहने वाले एक 66 वर्षीय बुजुर्ग साइबर ठगी का शिकार हो गए, जहाँ अपराधियों ने खुद को मुंबई एटीएस का अधिकारी बताकर उनसे पांच लाख रुपए ऐंठ लिए। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, ठगों ने बुजुर्ग को 'डिजिटल अरेस्ट' के नए तरीके से फंसाया और उन पर पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने जैसा गंभीर आरोप लगाया।
पीड़ित जयदेव सीताराम भालशंकर ने पुलिस को बताया कि उन्हें 31 अक्टूबर को एक फोन कॉल आया। कॉल करने वाले ने खुद को मुंबई एटीएस का पुलिस इंस्पेक्टर बताते हुए दावा किया कि भालशंकर के खिलाफ पाकिस्तानी आतंकियों की मदद करने और इसके लिए 500 करोड़ रुपए लेने के आरोप में शिकायत दर्ज हुई है।
आतंकवाद के झूठे आरोप और वीडियो कॉल पर धमकी
आरोपियों ने पीड़ित को डराने के लिए व्हाट्सऐप पर एक वीडियो कॉल किया और इसे 'डिजिटल अरेस्ट' का नाम देते हुए पूछताछ शुरू कर दी। उन्होंने बुजुर्ग को धमकी दी कि वे इस जांच के बारे में किसी को भी जानकारी न दें। इस दौरान, अपराधियों ने उनके बैंक खाते का विवरण हासिल कर लिया और उन्हें बैंक ऑफ इंडिया के एक खाते में पांच लाख रुपए ट्रांसफर करने के लिए मजबूर किया।
जब भालशंकर को अपने साथ हुई ठगी का अहसास हुआ, तो उन्होंने पुलिस से संपर्क साधा। उनकी शिकायत के आधार पर 20 नवंबर को पुणे के चतुःशृंगी पुलिस स्टेशन में मामला दर्ज कर लिया गया है। पुलिस ने भारतीय दंड संहिता की संबंधित धाराओं और आईटी एक्ट के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू कर दी है। फिलहाल इस मामले में किसी की गिरफ्तारी नहीं हुई है।
इनपुट: IANS



