पुणे: रिहायशी इमारत की पार्किंग में भीषण आग, 35 लोगों को सुरक्षित बचाया गया, 18 गाड़ियां जलीं
पुणे के कोंढवा इलाके में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत के पार्किंग क्षेत्र में आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए इमारत में फंसे करीब 35 निवासियों को…
पुणे के कोंढवा इलाके में रविवार तड़के एक आवासीय इमारत के पार्किंग क्षेत्र में आग लगने से हड़कंप मच गया। दमकल विभाग के कर्मचारियों ने सूझबूझ और तेजी दिखाते हुए इमारत में फंसे करीब 35 निवासियों को सुरक्षित बाहर निकालकर छत पर पहुंचाया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में कोई हताहत नहीं हुआ है, लेकिन पार्किंग में खड़े 18 वाहन जलकर क्षतिग्रस्त हो गए।
यह घटना भाग्योदय नगर की लेन नंबर-34 स्थित एक चार मंजिला इमारत में हुई। दमकल विभाग के कंट्रोल रूम को सुबह करीब 3:19 बजे आग लगने की सूचना मिली, जिसके बाद कोंढवा फायर स्टेशन से तीन दमकल गाड़ियों को तुरंत मौके पर भेजा गया।
दमकलकर्मियों ने पहले लोगों को बचाया
मौके पर पहुंचने पर दमकलकर्मियों ने पाया कि पार्किंग में खड़ी गाड़ियां आग की लपटों में घिरी हुई थीं और इमारत में घना धुआं भर गया था। स्थिति की गंभीरता को देखते हुए, टीम ने आग बुझाने से पहले निवासियों की सुरक्षा को प्राथमिकता दी। उन्होंने इमारत में फंसे लगभग 35 लोगों को सुरक्षित निकालकर छत पर पहुंचाया।
इसके बाद, विशेष श्वास उपकरण पहनकर दमकलकर्मी आग वाले क्षेत्र में दाखिल हुए और करीब 20 मिनट की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर पूरी तरह काबू पा लिया। उनकी तत्परता से आग को आसपास की इमारतों में फैलने से भी रोक दिया गया।
कितना हुआ नुकसान?
अधिकारियों के अनुसार, इस आगजनी में कुल 18 वाहन क्षतिग्रस्त हुए हैं। इनमें 16 दोपहिया, एक तिपहिया और एक चारपहिया वाहन शामिल है। इसके अलावा, आग की वजह से इमारत की लिफ्ट और बिजली की वायरिंग को भी काफी नुकसान पहुंचा है। फिलहाल आग लगने के कारणों का पता नहीं चल पाया है और मामले की जांच की जा रही है।
इनपुट: IANS



