अमेरिका के नए टेलीकॉम नियम पर चीन की तीखी प्रतिक्रिया, कहा - यह संबंधों को तोड़ने की कोशिश
अमेरिका और चीन के बीच कारोबारी तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी संघीय संचार आयोग (FCC) के एक नए नियम के खिलाफ चीन ने कड़ी आपत्ति जताई है, जिसके तहत कुछ चीनी टेलीकॉम कंपनियों को अमेरिकी इंटरनेट…
अमेरिका और चीन के बीच कारोबारी तनाव एक बार फिर बढ़ता दिख रहा है। अमेरिकी संघीय संचार आयोग (FCC) के एक नए नियम के खिलाफ चीन ने कड़ी आपत्ति जताई है, जिसके तहत कुछ चीनी टेलीकॉम कंपनियों को अमेरिकी इंटरनेट टेलीफोन नंबर संसाधनों तक सीधे पहुंचने से रोका जाएगा। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, चीनी वाणिज्य मंत्रालय ने इसे अपनी नियामक शक्तियों का दुरुपयोग और बिना सबूत के राष्ट्रीय सुरक्षा के नाम पर चीनी कंपनियों को निशाना बनाना बताया है।
यह नया नियम उन चीनी दूरसंचार कंपनियों पर लागू होगा, जिन्हें FCC की तथाकथित 'कवरेज सूची' में शामिल किया गया है। इनमें चाइना टेलीकॉम, चाइना यूनिकॉम और चाइना मोबाइल जैसी प्रमुख कंपनियां शामिल हैं।
"भेदभावपूर्ण और अनुचित प्रतिस्पर्धा"
चीनी वाणिज्य मंत्रालय के प्रवक्ता ने मीडिया के सवालों का जवाब देते हुए कहा कि FCC की यह कार्रवाई गैर-भेदभाव और निष्पक्ष प्रतिस्पर्धा के सिद्धांतों का खुला उल्लंघन है। उनके अनुसार, आयोग ठोस सबूत दिए बिना ही राष्ट्रीय सुरक्षा के जोखिमों को बढ़ा-चढ़ाकर पेश कर रहा है।
प्रवक्ता ने यह भी आरोप लगाया कि FCC हाल के दिनों में लगातार दूरसंचार, संचार और परीक्षण जैसे क्षेत्रों में दोनों देशों के बीच सहयोग को खत्म करने और संबंधों को तोड़ने की कोशिश कर रहा है।
चीन ने की नियम वापस लेने की मांग
चीन ने अमेरिका से आग्रह किया है कि वह इन कदमों को तुरंत वापस ले और बातचीत के जरिए मतभेदों को सुलझाने के रास्ते पर लौटे। चीनी प्रवक्ता ने कहा कि ये कदम दोनों देशों के राष्ट्राध्यक्षों के बीच बनी महत्वपूर्ण सहमति के भी खिलाफ हैं और इससे चीन-अमेरिका के आर्थिक एवं व्यापारिक संबंधों की स्थिरता को नुकसान पहुंचता है।
चीन ने यह भी स्पष्ट किया है कि वह अपनी कंपनियों के वैध हितों की रक्षा के लिए सभी आवश्यक कदम उठाएगा।
इनपुट: IANS



