मध्य प्रदेश: राजगढ़ में बाढ़ का कहर, पुल पार कर रही कार बही, 4 बच्चों समेत 9 लोग लापता
मध्य प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसी क्रम में राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां पानी से भरे पुल को पार…
मध्य प्रदेश में जारी मूसलाधार बारिश ने भारी तबाही मचाई है, जिससे राज्य के कई हिस्सों में बाढ़ जैसे हालात पैदा हो गए हैं। इसी क्रम में राजगढ़ जिले में एक दर्दनाक हादसा हुआ, जहां पानी से भरे पुल को पार कर रही एक कार तेज बहाव में बह गई। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, इस कार में सवार 11 लोगों में से 9 अब भी लापता हैं, जिनमें चार बच्चे भी शामिल हैं।
यह घटना सोमवार रात को सारंगपुर ब्लॉक के पड़ाना इलाके में हुई। एक परिवार अपनी ईको कार से देवास जिले के सतवास से सारंगपुर के कड़लावद गांव जा रहा था। वे नए बाईपास का इस्तेमाल कर रहे थे, जिसके पुल पर भारी बारिश का पानी भर गया था। बाहर से आए ड्राइवर को पानी की गहराई का अंदाजा नहीं लगा और उसने गाड़ी पानी में उतार दी।
लापरवाही और बचाव कार्य
प्रत्यक्षदर्शियों और ग्रामीणों के अनुसार, मौके पर मौजूद लोगों ने ड्राइवर को पानी से भरे पुल पर जाने से रोकने की कोशिश की थी, लेकिन उसने चेतावनी को नजरअंदाज कर दिया। जोखिम उठाते हुए जैसे ही उसने कार आगे बढ़ाई, वह पानी के तेज बहाव में असंतुलित होकर बह गई। कार में कुल 11 लोग सवार थे, जिनमें तीन पुरुष, चार महिलाएं और चार बच्चे शामिल थे। इनमें से सिर्फ दो लोग ही किसी तरह अपनी जान बचाकर बाहर निकल पाए।
हादसे की सूचना मिलते ही एसडीएम, एसडीओपी और सारंगपुर थाना प्रभारी समेत पुलिस और प्रशासन की टीम मौके पर पहुंच गई। बचाव अभियान तुरंत शुरू कर दिया गया। रेस्क्यू टीम क्रेन की मदद से पानी में बही कार और लापता लोगों की तलाश कर रही है। मौके पर बड़ी संख्या में ग्रामीण भी मौजूद हैं। खबर लिखे जाने तक कार और उसमें सवार 9 लोगों का कुछ पता नहीं चल पाया है।
इनपुट: IANS



