कुशीनगर: ड्रेन में डूबीं तीन बहनों के शव 11 घंटे बाद मिले, चारा काटने गईं थीं मासूम
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। जानवरों के लिए चारा काटने गईं ये तीनों बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिया पार करते समय तेज बहाव वाली झरही ड्रेन…
उत्तर प्रदेश के कुशीनगर में एक दर्दनाक हादसे में तीन बच्चियों की डूबने से मौत हो गई। जानवरों के लिए चारा काटने गईं ये तीनों बहनें संदिग्ध परिस्थितियों में पुलिया पार करते समय तेज बहाव वाली झरही ड्रेन में जा गिरीं। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, लगभग 11 घंटे तक चले सघन तलाशी अभियान के बाद तीनों के शव बरामद किए जा सके।
यह घटना पडरौना कोतवाली और नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के बीच हुई। मृतक बच्चियों की पहचान नेबुआ नौरंगिया थाना क्षेत्र के दुबौली गांव की रहने वाली के रूप में हुई है, जिनमें दो सगी बहनें और एक चचेरी बहन थीं। उनकी उम्र क्रमशः 14, 11 और 10 वर्ष थी।
रात भर चला तलाशी अभियान
हादसे के वक्त बच्चियों के साथ मौजूद 10 वर्षीय भाई ने घबराकर गांव में इसकी सूचना दी, जिसके बाद बड़ी संख्या में ग्रामीण और मछुआरे मौके पर पहुंच गए। सूचना मिलते ही पुलिस और एसडीआरएफ (SDRF) की टीम भी घटनास्थल पर पहुंची और तुरंत बचाव कार्य शुरू कर दिया। SDRF की टीम ने पूरी रात ड्रेन में सर्च ऑपरेशन चलाया, जिसके बाद सुबह तीनों शव बरामद हुए।
गांव में मातम, प्रशासन ने दिया मदद का भरोसा
पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की जांच कर रही है। एक साथ तीन बच्चियों की मौत की खबर से पूरे दुबौली गांव में मातम पसर गया है और पीड़ित परिवारों में कोहराम मचा हुआ है। घटना की जानकारी मिलने पर प्रशासनिक अधिकारियों और स्थानीय जनप्रतिनिधियों ने गांव पहुंचकर पीड़ित परिवार से मुलाकात की और उन्हें हरसंभव सहायता का आश्वासन दिया।
इनपुट: IANS



