गुरूवार, 20 अगस्त 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

यूक्रेन पर रूस के बड़े हमले: यूरोपियन कमीशन ने कहा - 'रूस अपनी ही शुरू की हुई जंग हार रहा है'

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार रात हुए रूस के एक बड़े हमले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों का एक साथ इस्तेमाल कर नागरिक…

यूक्रेन पर रूस के बड़े हमले: यूरोपियन कमीशन ने कहा - 'रूस अपनी ही शुरू की हुई जंग हार रहा है'
(फोटो: IANS)

यूक्रेन के राष्ट्रपति वोलोदिमिर जेलेंस्की ने बुधवार रात हुए रूस के एक बड़े हमले की जानकारी दी है। उन्होंने बताया कि रूस ने बैलिस्टिक मिसाइलों, क्रूज मिसाइलों और ड्रोनों का एक साथ इस्तेमाल कर नागरिक ठिकानों को निशाना बनाया, जिसका मकसद ज़्यादा से ज़्यादा नुकसान पहुँचाना था।

विज्ञापन

समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस हमले में सबसे ज़्यादा तबाही राजधानी कीव और उसके आसपास के इलाकों के अलावा ओडेसा और चेर्निहीव क्षेत्रों में हुई है। कीव में कई रिहायशी इमारतों को नुकसान पहुँचा, जिनमें एक ऊँची इमारत की ऊपरी मंज़िलें पूरी तरह तबाह हो गईं। हमले की चपेट में एक बच्चों का अस्पताल और एक स्कूल भी आया है।

हमले का असर और बचाव कार्य

इस रूसी हमले में कीव में 12 लोगों की मौत हो गई, जबकि आसपास के इलाके में एक व्यक्ति की जान गई। जेलेंस्की ने पीड़ितों के परिवारों के प्रति अपनी संवेदना व्यक्त की और बताया कि करीब 40 अन्य लोग घायल हुए हैं। उन्होंने बताया कि बचाव और राहत अभियान अभी भी जारी है। राष्ट्रपति के अनुसार, ओडेसा क्षेत्र में रूस ने मोल्दोवा की सीमा पर स्थित एक बॉर्डर क्रॉसिंग पर ड्रोन से हमला किया, वहीं चेर्निहीव में गैस से जुड़े बुनियादी ढाँचे को निशाना बनाया गया। उन्होंने बचाव कर्मियों, डॉक्टरों, पुलिस और ज़रूरी सेवाएँ बहाल करने वाले कर्मचारियों का धन्यवाद किया।

यूरोपियन कमीशन की प्रतिक्रिया

इस बीच, यूरोपियन कमीशन की अध्यक्ष उर्सुला वॉन डेर लेयेन ने यूक्रेन पर रूसी हमलों की कड़ी आलोचना की है। उन्होंने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर लिखा, "रूस वह युद्ध हार रहा है, जिसे उसने खुद शुरू किया था। इसके जवाब में वह आम लोगों और नागरिक सुविधाओं को निशाना बना रहा है।" उन्होंने आगे कहा, "हम सदस्य देशों और अपने साझेदारों के साथ मिलकर यूक्रेन की बैलिस्टिक मिसाइलों से रक्षा करने की क्षमता को मजबूत करने के लिए काम कर रहे हैं, ताकि यूक्रेन के पास लोगों की जान बचाने के लिए जरूरी साधन मौजूद हों। फिलहाल, यही हमारी सबसे बड़ी और सबसे जरूरी प्राथमिकता है।"

रक्षा प्रणालियों की तत्काल आवश्यकता

राष्ट्रपति जेलेंस्की ने इस बात पर ज़ोर दिया कि जब तक यूक्रेन को पर्याप्त एंटी-बैलिस्टिक रक्षा प्रणाली नहीं मिल जाती, तब तक रूस शांति को गंभीरता से नहीं लेगा। उन्होंने कहा, "दुर्भाग्य से, जब मॉस्को बैलिस्टिक मिसाइलों और सैन्य तनाव बढ़ाने में निवेश कर रहा है, तब ऐसे हमलों पर दुनिया की प्रतिक्रिया हमेशा उतनी मजबूत नहीं होती जितनी होनी चाहिए।" उन्होंने कहा कि पैट्रियट इंटरसेप्टर मिसाइलों का कोई विकल्प नहीं है और हर अतिरिक्त मिसाइल लोगों की जान बचाने में मदद करती है।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →