होर्मुज़ जलडमरूमध्य में बारूदी सुरंग से टकराया तेल टैंकर, IRGC ने लगाया नियमों के उल्लंघन का आरोप
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने पुष्टि की है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में शनिवार को एक सुपरटैंकर बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट…
ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) ने पुष्टि की है कि होर्मुज़ जलडमरूमध्य में शनिवार को एक सुपरटैंकर बारूदी सुरंग से टकराने के बाद आग की चपेट में आ गया। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, IRGC की नौसेना ने आरोप लगाया है कि यह जहाज प्रतिबंधित रास्ते से गुज़रने की कोशिश कर रहा था और उसने अपने सभी ट्रैकिंग सिस्टम बंद कर रखे थे।
इस घटना में 20 लाख बैरल से ज़्यादा कच्चा तेल ले जा रहे सुपरटैंकर में एक ज़ोरदार धमाका हुआ, जिसके बाद उसमें भीषण आग लग गई। इस्लामिक रिपब्लिक न्यूज़ एजेंसी (IRNA) ने अपने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए कहा कि जहाज़ नियमों का उल्लंघन कर रहा था।
नियमों की अनदेखी और अमेरिकी समर्थन का आरोप
IRGC ने अपने बयान में दावा किया है कि सुपरटैंकर ने अपने लोकेशन ट्रैकिंग और रडार सिस्टम को बंद कर दिया था। गार्ड्स कॉर्प्स ने आरोप लगाया कि जहाज़ ने धोखे से जलडमरूमध्य को पार करने का प्रयास किया और उसे अमेरिकी सेना का समर्थन हासिल था।
ईरान की मेहर समाचार एजेंसी के अनुसार, IRGC ने कहा कि जहाज़ ने ईरानी अधिकारियों से समन्वय करने के बजाय अमेरिकी सैन्य सुरक्षा पर भरोसा किया, जो इस हादसे की सीधी वजह बना। बयान में यह भी कहा गया कि अगर टैंकर ने निर्धारित नियमों का पालन किया होता और संबंधित अधिकारियों से संपर्क बनाए रखा होता, तो ऐसी घटना से बचा जा सकता था।
पहले दी जा चुकी थी चेतावनी
इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स ने पहले भी चेतावनी जारी की थी कि नेविगेशन सिस्टम बंद करने वाले जहाज़ों के खिलाफ़ कार्रवाई की जाएगी। IRGC के अनुसार, होर्मुज़ जलडमरूमध्य बंद है और जो भी जहाज़ यहां ईरानी नियमों की अवहेलना करेगा, उसे कार्रवाई का सामना करना पड़ेगा।
इनपुट: IANS



