बेंगलुरु सेंट्रल जेल में CCB की छापेमारी, पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास से मोबाइल फोन बरामद
अश्लील वीडियो मामले में बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल में बंद JDS के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास से एक मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया है। सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) ने मंगलवार दोपहर को जेल…
अश्लील वीडियो मामले में बेंगलुरु की परप्पना अग्रहारा जेल में बंद JDS के पूर्व सांसद प्रज्वल रेवन्ना के पास से एक मोबाइल फोन ज़ब्त किया गया है। सेंट्रल क्राइम ब्रांच (सीसीबी) ने मंगलवार दोपहर को जेल के हाई-प्रोफाइल कैदियों के ठिकानों पर छापेमारी के दौरान यह कार्रवाई की। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, रेवन्ना के अलावा प्रताप राय नाम के एक अन्य कैदी के पास से भी फोन मिला है।
इस घटना के बाद जेल के असिस्टेंट सुपरिटेंडेंट को निलंबित कर दिया गया है, जबकि बेंगलुरु सेंट्रल जेल के एसपी को कारण बताओ नोटिस जारी किया गया है। डीजीपी जेल आलोक कुमार ने पुष्टि की कि प्रज्वल रेवन्ना के पास से एक एंड्रॉयड फोन ज़ब्त हुआ है और डीआईजी (साउथ) की रिपोर्ट के आधार पर यह कार्रवाई की गई।
जेल अधिनियम के तहत मामला दर्ज
दोनों कैदियों के खिलाफ परप्पना अग्रहारा जेल में 'प्रिजन्स एक्ट' (जेल अधिनियम) की धारा 42 के तहत मामला दर्ज कर लिया गया है। यह धारा जेल के भीतर प्रतिबंधित सामान लाने-ले जाने या नियमों के उल्लंघन में मदद करने वालों के लिए सज़ा का प्रावधान करती है। जांच अधिकारी कार्रवाई को आगे बढ़ाने से पहले सीसीटीवी फुटेज की जांच कर रहे हैं और अन्य जानकारी जुटा रहे हैं।
अश्लील वीडियो मामले में जेल में हैं रेवन्ना
गौरतलब है कि प्रज्वल रेवन्ना अश्लील वीडियो से जुड़े एक गंभीर मामले में न्यायिक हिरासत में हैं। इस मामले की जांच कर रही विशेष जांच दल (SIT) ने मार्च 2026 में 13,712 पन्नों की एक विस्तृत चार्जशीट दाखिल की थी, जिसमें कुल 39 लोगों को आरोपी बनाया गया है। एसआईटी ने अपनी चार्जशीट में बताया था कि कथित वीडियो फैलाने के लिए हासन में लगभग 70 पेन ड्राइव खरीदे गए थे।
इनपुट: IANS



