नई दिल्ली: अभिनेत्री कंगना रनौत (Kangana Ranaut) ने अपने मुंबई ऑफिस की कुछ तस्वीरें साझा की हैं, जिसके कुछ हिस्से को बृहन्मुंबई नगर निगम (बीएमसी) ने पिछले सप्ताह ‘अवैध निर्माण’ बताकर ध्वस्त कर दिया था. कंगना ने अपने ट्वीट की सीरीज में कांग्रेस को भी टैग किया और हैशटैग ‘राष्ट्रीय बेरोजगारी दिवस’ का उपयोग किया.
एक ट्वीट में कंगना ने अपने ऑफिस के ‘कब्रिस्तान’ में बदलने की बात कही. उन्होंने कहा, ‘यह मेरे सपनों, मेरे आत्मसम्मान और मेरे भविष्य का बलात्कार है.’ बता दें कि 9 सितंबर को जब कंगना मनाली से मुंबई आईं थीं, तब ही बीएमसी ने कंगना का कार्यालय ढहा दिया था.
ये भी पढ़ें:किस देश में मनाया जाता है पोर्न महोत्सव?
मुंबई की तुलना पाकिस्तान के कब्जे वाले कश्मीर (PoK) से करने के बाद ही अभिनेत्री शिवसेना सरकार के निशाने पर आ गईं थीं. संजय राउत सहित सेना के कई नेताओं ने कंगना के इस बयान पर तीखी प्रतिक्रियाएं दीं. इतना ही नहीं राउत ने तो उन्हें मुंबई वापस न लौटने तक की धमकी दे डाली थी.
इसके बाद कंगना को उसे वाई सुरक्षा दी गई और कड़ी सुरक्षा के बीच कंगना मुंबई पहुंची. वहीं बीएमसी ने उनके मुंबई ऑफिस के एक हिस्से को ‘अवैध निर्माण’ बताते हुए तोड़फोड़ की. बाद में कंगना ने बीएमसी के नोटिस को चुनौती देने के लिए बॉम्बे हाई कोर्ट का दरवाजा खटखटाया और कार्रवाई रोकने की मांग की. तब कोर्ट ने बीएमसी की कार्रवाई पर स्टे लगा दिया.









