गुरूवार, 30 जुलाई 2026 · नई दिल्ली
दुनिया

जॉर्डन का दावा: ईरान से दागी गईं पांच मिसाइलों को हवा में किया नाकाम, कोई हताहत नहीं

मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जॉर्डन ने एक बड़ा दावा किया है। जॉर्डन की सेना के अनुसार, उसने देश की ओर दागी गईं पांच ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया और उन्हें हवा में…

जॉर्डन का दावा: ईरान से दागी गईं पांच मिसाइलों को हवा में किया नाकाम, कोई हताहत नहीं
(फोटो: IANS)

मध्य पूर्व में अमेरिका और ईरान के बीच बढ़ते तनाव के बीच जॉर्डन ने एक बड़ा दावा किया है। जॉर्डन की सेना के अनुसार, उसने देश की ओर दागी गईं पांच ईरानी मिसाइलों को सफलतापूर्वक रोक दिया और उन्हें हवा में ही नष्ट कर दिया। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के मुताबिक, इस घटना में किसी के हताहत होने की कोई खबर नहीं है।

विज्ञापन

जॉर्डन की सरकारी समाचार एजेंसी पेट्रा ने सशस्त्र बलों के हवाले से सोशल मीडिया पर जानकारी दी कि मिसाइलों को रोकने के लिए विशेष “इंटरसेप्शन उपाय” किए गए और सभी संभावित खतरों को बेअसर कर दिया गया। हालांकि, सेना ने यह स्पष्ट नहीं किया कि ये मिसाइलें किस इलाके से दागी गई थीं या उन्हें ठीक किस जगह पर रोका गया।

उच्चतम स्तर की तैयारी का दावा

सेना ने अपने बयान में देश की सुरक्षा को लेकर प्रतिबद्धता जताई है। बयान में कहा गया है कि सेना “देश की सुरक्षा और नागरिकों की सलामती को निशाना बनाने वाले किसी भी खतरे से सख्ती से निपटने के लिए उच्चतम स्तर की तैयारियों” के साथ मुस्तैद है।

अमेरिका-ईरान तनाव की पृष्ठभूमि

यह घटनाक्रम उस वक्त सामने आया है जब अमेरिकी हमलों के जवाब में तेहरान खाड़ी के देशों को निशाना बना रहा है। अमेरिकी सेंट्रल कमांड (सेंटकॉम) ने एक बयान जारी कर बताया था कि उसने ईरान के इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (आईआरजीसी) के दर्जनों ठिकानों को निशाना बनाया है। इनमें कमांड सेंटर, मिसाइल और ड्रोन ठिकाने, तटीय निगरानी और रक्षा सुविधाएं शामिल थीं।

अमेरिकी राष्ट्रपति ट्रंप ने पिछले सप्ताह जॉर्डन में अमेरिकी सैन्य ठिकानों पर हुए ईरानी हमले का जिक्र करते हुए कहा था, “उन्होंने हमला करने की कोशिश की, अब हमारी बारी है।” इसके बाद गुरुवार तड़के अमेरिका ने ईरान के 10 से ज्यादा शहरों पर ताबड़तोड़ हवाई हमले किए, जिनमें केश्म, किश, काजेरून, अहवाज, अबादान, शादेगान, अरवंदकेनार, बुशेहर, जाम और खोरमोज शामिल हैं। ईरानी मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, केश्म द्वीप पर एक रिहायशी इमारत पर हुए हमले में एक दंपती और उनके 2 साल के बच्चे की मौत हो गई, जबकि दो अन्य बच्चे घायल हो गए।

इनपुट: IANS

N

News4Social इंटरनेशनल डेस्क

News4Social इंटरनेशनल डेस्क — IANS समेत लाइसेंस-प्राप्त समाचार एजेंसियों की फीड से अंतरराष्ट्रीय घटनाक्रम से जुड़ी ताज़ा व प्रामाणिक खबरें संपादकीय समीक्षा के बाद प्रकाशित करता है। हर खबर उसके स्रोत के श्रेय (credit) के साथ दी जाती है। सभी लेख देखें →

आगे पढ़ें

और देखें →