राम मंदिर ट्रस्ट में पारदर्शिता की पहल? रिटायर्ड एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को मिली CEO की ज़िम्मेदारी
अयोध्या में राम मंदिर के प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO)…
अयोध्या में राम मंदिर के प्रबंधन को लेकर एक महत्वपूर्ण फैसला लिया गया है। श्री राम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने सेवानिवृत्त एयर मार्शल जितेंद्र मिश्रा को अपना मुख्य कार्यकारी अधिकारी (CEO) नियुक्त किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, हाल ही में मंदिर में चढ़ावा चोरी के आरोपों के बाद उठे विवादों के बीच इस नियुक्ति को पारदर्शिता और व्यवस्था सुधारने की दिशा में एक बड़े कदम के रूप में देखा जा रहा है।
एनडीए नेताओं ने किया स्वागत
ट्रस्ट के इस फैसले का बिहार से लेकर दिल्ली तक एनडीए के नेताओं ने स्वागत किया है। बिहार सरकार के मंत्री राम कृपाल यादव ने इस कदम को "बेहद सराहनीय" बताते हुए कहा, "चढ़ावा चोरी का मामला सामने आने के बाद से राम मंदिर लगातार विवादों से घिरा है। इस बीच एक ऐसे अनुभवी व्यक्ति को राम मंदिर के प्रबंधन की जिम्मेदारी देना बेहद सराहनीय कदम है।" उन्होंने जितेंद्र मिश्रा के सैन्य अनुभव का भी जिक्र किया।
वहीं, जदयू विधायक श्याम रजक ने इस नियुक्ति को बेहतरी के लिए उठाया गया कदम बताया। उन्होंने कहा, "जब गड़बड़ियां होती हैं तो लोगों को हटाया जाता है और बेहतरी के लिए नए लोगों को लाया जाता है। इसलिए एक नए सीईओ की नियुक्ति की गई है।"
'ऑपरेशन सिंदूर' से जुड़े मिश्रा पर भरोसा
नियुक्त किए गए सीईओ जितेंद्र मिश्रा के सैन्य करियर, विशेषकर 'ऑपरेशन सिंदूर' में उनकी भूमिका की काफी चर्चा हो रही है। नेताओं का मानना है कि उनका अनुशासित और ईमानदार ट्रैक रिकॉर्ड मंदिर प्रबंधन के लिए फायदेमंद होगा।
दिल्ली में भाजपा प्रवक्ता आर. पी. सिंह ने मिश्रा को बधाई देते हुए कहा, "जितेंद्र मिश्रा ने ऑपरेशन सिंदूर में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई थी। अपेक्षा करते हैं कि वे इस नए पदभार को भी वैसे ही संभालेंगे और यहां पर पारदर्शिता भी लेकर आएंगे।" श्याम रजक ने भी मिश्रा को एक "ईमानदार अधिकारी" बताया जिन्होंने 'ऑपरेशन सिंदूर' में भूमिका निभाई थी। उन्होंने कहा कि ऐसे काबिल सैन्य अधिकारी को सीईओ बनाना एक अच्छा कदम है और हर चीज पर कड़ी नजर रखी जानी चाहिए।
इनपुट: IANS



