झारखंड: घर से लापता हुई 12 साल की बच्ची का खेत में मिला सिर कटा शव, इलाके में दहशत
झारखंड के गोड्डा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह उसका सिर कटा शव एक खेत से बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में भय और…
झारखंड के गोड्डा जिले में एक दिल दहला देने वाली घटना सामने आई है, जहाँ एक 12 वर्षीय बच्ची की बेरहमी से हत्या कर दी गई। गुरुवार सुबह उसका सिर कटा शव एक खेत से बरामद हुआ, जिसके बाद पूरे इलाके में भय और आक्रोश का माहौल है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, यह घटना ललमटिया थाना क्षेत्र के डहुआ गांव की है।
जानकारी के अनुसार, बच्ची बुधवार रात अपने माता-पिता के साथ घर पर ही सो रही थी। सुबह जब परिवार वाले जागे, तो उन्होंने उसे बिस्तर पर नहीं पाया। इसके बाद उसकी तलाश शुरू हुई। कुछ ही देर में गांव के एक खेत में बच्ची का शव मिलने की खबर आई, जिससे कोहराम मच गया।
सिर गायब, पुलिस जांच में जुटी
इस हत्याकांड की सबसे खौफनाक बात यह है कि घटनास्थल से पुलिस को सिर्फ बच्ची का धड़ मिला है, जबकि उसका कटा हुआ सिर अब तक गायब है। परिवार इस बात से हैरान है कि बच्ची आधी रात को घर से बाहर कैसे निकली या उसे कौन और किन हालात में ले गया। घटना की सूचना मिलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण मौके पर जमा हो गए।
पुलिस ने तत्काल मौके पर पहुंचकर घटनास्थल की घेराबंदी कर दी है और फोरेंसिक साक्ष्य जुटाने में लग गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि हत्या के पीछे की असली वजह अभी साफ नहीं है।
नरबलि की आशंका, हर पहलू से हो रही जांच
इस वीभत्स वारदात को लेकर स्थानीय लोगों के बीच तरह-तरह की चर्चाएं हैं। कुछ लोग इसके पीछे तंत्र-मंत्र या नरबलि जैसी अंधविश्वासी गतिविधियों की आशंका जता रहे हैं। हालांकि, पुलिस पारिवारिक रंजिश समेत सभी संभावित कोणों से मामले की गहन छानबीन कर रही है। आक्रोशित ग्रामीणों ने आरोपियों की जल्द से जल्द गिरफ्तारी की मांग की है, जिसके लिए पुलिस आसपास के लोगों से पूछताछ कर रही है।
इनपुट: IANS



