ईरान पर अमेरिकी-इजरायली कार्रवाई को लेकर जर्मनी की टिप्पणी पर तेहरान का कड़ा ऐतराज
ईरान ने एक जर्मन मंत्री के उस बयान को लेकर गहरी नाराजगी जताई है, जिसमें कथित तौर पर ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई का बचाव किया गया था। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के…
ईरान ने एक जर्मन मंत्री के उस बयान को लेकर गहरी नाराजगी जताई है, जिसमें कथित तौर पर ईरान पर अमेरिका और इजरायल की संयुक्त सैन्य कार्रवाई का बचाव किया गया था। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरानी विदेश मंत्रालय ने गुरुवार को इस टिप्पणी को 'शर्मनाक और निम्न स्तर का बयान' बताते हुए इसकी कड़ी निंदा की।
यह विवाद जर्मन विदेश मंत्री जोहान वाडेफुल के एक पॉडकास्ट के बाद शुरू हुआ, जो बुधवार को प्रसारित हुआ था। इसमें उन्होंने कहा था, "इस टकराव का कारण जाहिर तौर पर ईरान है, जो खुद को परमाणु हथियारों से लैस करने की तैयारी कर रहा है और कई पड़ोसी देशों में ऐसे मिलिशिया समूहों का समर्थन करता है, जो उन देशों की संप्रभुता का सम्मान नहीं करते हैं।" तेहरान ने इस वक्तव्य को अमेरिका और इजरायल के पक्ष में माना है।
ईरान का तीखा जवाब
सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर जारी एक पोस्ट में ईरानी विदेश मंत्रालय के प्रवक्ता इस्माइल बाघेई ने जर्मन मंत्री की आलोचना की। उन्होंने इस टिप्पणी को गहरी नैतिक पतन का प्रतीक बताते हुए कहा कि जर्मन अधिकारी न तो युद्ध अपराधों और इंसानी जानों के नुकसान को महसूस कर पा रहे हैं और न ही इस युद्ध से यूरोप को हो रहे आर्थिक नुकसान को समझ रहे हैं।
बाघेई ने जर्मन चांसलर फ्रेडरिक मर्ज की एक पुरानी टिप्पणी का भी हवाला दिया। उन्होंने लिखा, "एक समय चांसलर मर्ज ने बड़े उत्साह से कहा था कि इजरायल, ईरान पर हमला करके 'गंदा काम' कर रहा है। लेकिन कुछ ही महीनों बाद, वही चांसलर अब इस बात पर अफसोस जता रहे हैं कि इस युद्ध की वजह से यूरोपीय अर्थव्यवस्था को 100 अरब यूरो का नुकसान हो रहा है!"
जर्मन कहावत के साथ तंज
अपने पोस्ट के अंत में, ईरानी प्रवक्ता ने एक जर्मन कहावत का इस्तेमाल करते हुए तंज कसा। उन्होंने कहा, "नुकसान उठाने से इंसान समझदार बनता है।" लेकिन साथ ही जोड़ा, "ऐसा लगता है कि 'हंस गुक-इन-दी-लुफ्ट' (लापरवाह व्यक्ति) को कुछ भी सिखाया नहीं जा सकता।"
इनपुट: IANS



