झारखंड: नाबालिग से दुष्कर्म के आरोपी की पीट-पीटकर हत्या, भीड़ ने पिता को भी पीटा
झारखंड के चतरा जिले में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी युवक को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव की है, जहाँ इस वारदात के बाद से तनाव का माहौल है। समाचार एजेंसी…
झारखंड के चतरा जिले में एक नाबालिग लड़की से दुष्कर्म के आरोपी युवक को भीड़ ने पीट-पीटकर मार डाला। घटना टंडवा थाना क्षेत्र के बड़गांव की है, जहाँ इस वारदात के बाद से तनाव का माहौल है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, गुस्साए ग्रामीणों ने आरोपी को बचाने आए उसके पिता के साथ भी मारपीट की।
मामला सोमवार शाम का है, जब गांव की एक नाबालिग लड़की घर से बाहर गई थी। आरोप है कि मोहम्मद इमरोज नामक युवक ने लड़की का अपहरण कर उसके साथ दुष्कर्म किया। मंगलवार को जब लड़की बदहवास हालत में घर लौटी, तो उसने अपने परिवार वालों को आपबीती सुनाई।
भीड़ का हमला और पुलिस की कार्रवाई
घटना की खबर फैलते ही बड़ी संख्या में ग्रामीण आरोपी के घर पर जमा हो गए। भीड़ ने इमरोज को घर से बाहर खींच लिया और लाठी-डंडों व पत्थरों से उस पर हमला कर दिया। स्थानीय लोगों ने बताया कि बीच-बचाव करने पहुंचे उसके पिता को भी पीटा गया और दोनों को कुछ देर के लिए खंभे से बांधकर रखा गया।
सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुँची और काफी मशक्कत के बाद घायल इमरोज को भीड़ के चंगुल से छुड़ाया। उसे पहले टंडवा सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहाँ से उसकी गंभीर हालत को देखते हुए हजारीबाग मेडिकल कॉलेज अस्पताल के लिए रेफर कर दिया गया। हालांकि, अस्पताल ले जाते समय रास्ते में ही उसकी मौत हो गई।
इलाके में तनाव, पुलिस बल तैनात
इस घटना के बाद बड़गांव और आसपास के इलाकों में तनाव की स्थिति बन गई है, जिसे देखते हुए बड़ी संख्या में पुलिस बल तैनात किया गया है। अधिकारियों ने बताया है कि पुलिस ने दो अलग-अलग मामलों की जांच शुरू कर दी है। एक तरफ दुष्कर्म के आरोप की पड़ताल की जा रही है, तो दूसरी तरफ भीड़ द्वारा की गई हत्या के मामले में सबूत जुटाए जा रहे हैं।
पुलिस का कहना है कि वीडियो फुटेज और अन्य साक्ष्यों के आधार पर भीड़ में शामिल लोगों की पहचान की जा रही है। अधिकारियों ने स्पष्ट किया है कि कानून हाथ में लेने वाले किसी भी व्यक्ति को बख्शा नहीं जाएगा और दोषियों के खिलाफ सख्त कानूनी कार्रवाई की जाएगी।
इनपुट: IANS



