झारखंड: कांग्रेस विधायक पर नाबालिग से दुष्कर्म का आरोप, BJP ने गिरफ्तारी की मांग को लेकर किया प्रदर्शन
झारखंड में कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण और दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में विधायक के…
झारखंड में कांग्रेस के विधायक भूषण बाड़ा पर एक 14 वर्षीय आदिवासी किशोरी के यौन शोषण और दुष्कर्म का आरोप लगने के बाद राजनीतिक माहौल गरमा गया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, इस मामले में विधायक के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत FIR दर्ज होने के बाद भारतीय जनता पार्टी (BJP) ने उनकी तत्काल गिरफ्तारी की मांग तेज कर दी है।
शुक्रवार को रांची में भाजपा कार्यकर्ताओं ने धुर्वा थाने का घेराव कर विरोध प्रदर्शन किया। रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू के नेतृत्व में हुए इस प्रदर्शन में पार्टी ने चेतावनी दी कि यदि आरोपी विधायक पर जल्द कार्रवाई नहीं हुई तो पूरे राज्य में आंदोलन किया जाएगा।
भाजपा ने सरकार और कांग्रेस पर उठाए सवाल
भाजपा के प्रदेश अध्यक्ष आदित्य साहू ने एक जनप्रतिनिधि पर लगे इन आरोपों को बेहद चिंताजनक बताया है। उन्होंने आरोप लगाया कि किशोरी को पढ़ाई और बेहतर भविष्य का झांसा देकर विधायक के आवास पर लाया गया था, जहां उसके साथ कथित तौर पर यौन हिंसा हुई। साहू के मुताबिक, पीड़िता ने विधायक के परिजनों पर भी मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना के आरोप लगाए हैं।
उन्होंने राज्य सरकार से पीड़िता और उसके परिवार को सुरक्षा देने की मांग करते हुए कांग्रेस नेतृत्व से भी सवाल किया। आदित्य साहू ने कहा, "सत्ता और राजनीतिक प्रभाव किसी को कानून से ऊपर नहीं बना सकते।" उन्होंने मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन से भी इस मामले पर अपना रुख स्पष्ट करने को कहा है।
निष्पक्ष जांच और पीड़िता की सुरक्षा की मांग
प्रदर्शन के दौरान भाजपा नेताओं ने पुलिस से बिना किसी राजनीतिक दबाव के मामले की निष्पक्ष जांच की मांग की। रांची महानगर अध्यक्ष वरुण साहू ने कहा कि सबूतों से छेड़छाड़ की किसी भी कोशिश को रोका जाना चाहिए। वहीं, भाजपा महिला मोर्चा की प्रदेश अध्यक्ष सीमा सिंह ने पीड़िता की पहचान गोपनीय रखते हुए उसे न्याय दिलाने को प्रशासन की प्राथमिकता बताया।
उल्लेखनीय है कि पीड़िता की शिकायत के आधार पर रांची के विधानसभा थाने में विधायक भूषण बाड़ा के खिलाफ पॉक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। पुलिस ने पीड़िता का मेडिकल परीक्षण कराने के बाद मामले की जांच शुरू कर दी है।
इनपुट: IANS



