जापान पर एक और तूफ़ान का साया: टाइफ़ून नंबर 26 को लेकर प्रधानमंत्री ने जारी की चेतावनी
जापान में एक और शक्तिशाली समुद्री तूफ़ान का ख़तरा मंडरा रहा है, जिसे टाइफ़ून नंबर-26 नाम दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म…
जापान में एक और शक्तिशाली समुद्री तूफ़ान का ख़तरा मंडरा रहा है, जिसे टाइफ़ून नंबर-26 नाम दिया गया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफ़ॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए लोगों से पूरी तरह सतर्क रहने और आवश्यक सावधानियां बरतने की अपील की है।
प्रधानमंत्री ने अपने पोस्ट में बताया, “टाइफ़ून नंबर-26 तेज ताकत के साथ दक्षिण-पश्चिमी द्वीपों के करीब पहुंच सकता है। इसके बाद अगले हफ्ते की शुरुआत में यह जापान के मुख्य द्वीप होंशू के दक्षिण से पूर्व की ओर बढ़ सकता है और इसके कांटो क्षेत्र के करीब पहुंचने का भी खतरा है।”
प्रभावित क्षेत्रों के लिए विशेष अलर्ट
अधिकारियों ने विशेष रूप से ओकिनावा और अमामी क्षेत्रों के निवासियों को लगभग 30 तारीख तक अत्यधिक सतर्क रहने की सलाह दी है। इस तूफ़ान के कारण ऊंची समुद्री लहरें, तेज़ हवाएं, समुद्र के जलस्तर में वृद्धि, भूस्खलन, और निचले इलाक़ों में बाढ़ जैसी आपदाओं की आशंका जताई गई है। नदियों का जलस्तर भी ख़तरनाक ढंग से बढ़ सकता है।
पिछली बारिश से बढ़ा भूस्खलन का ख़तरा
यह चेतावनी ऐसे समय में आई है जब चिबा और कानागावा जैसे क्षेत्र पहले ही टाइफ़ून नंबर 25 से हुई भारी बारिश के कारण भूस्खलन और बाढ़ की घटनाओं से जूझ रहे हैं। मौसम विभाग के अनुसार, इन इलाक़ों में ज़मीन पहले से ही काफ़ी ढीली हो चुकी है, जिससे थोड़ी सी अतिरिक्त बारिश भी भूस्खलन का कारण बन सकती है। आने वाले तूफ़ान से स्थिति और गंभीर होने की आशंका है।
सुरक्षित स्थानों पर जाने की तैयारी की अपील
प्रधानमंत्री तकाइची ने कहा कि तूफ़ान की ताक़त और रास्ते के आधार पर हफ़्ते के दूसरे हिस्से में इतनी भारी बारिश हो सकती है कि मौसम विभाग को विशेष चेतावनी जारी करनी पड़े। उन्होंने नागरिकों से आग्रह किया है कि वे स्थानीय प्रशासन द्वारा जारी किए गए हैज़ार्ड मैप (खतरा मानचित्र) की जाँच करें और ज़रूरत पड़ने पर सुरक्षित स्थानों पर जाने के लिए पहले से तैयारी रखें।
इनपुट: IANS



