जापान: टोक्यो और आसपास के इलाकों में 5.9 तीव्रता का भूकंप, कई लोग घायल, ट्रेन सेवाएं प्रभावित
जापान में रविवार देर रात भूकंप के तेज झटकों ने टोक्यो समेत कई इलाकों को हिला दिया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी…
जापान में रविवार देर रात भूकंप के तेज झटकों ने टोक्यो समेत कई इलाकों को हिला दिया, जिससे कुछ लोग घायल हो गए और परिवहन व्यवस्था पर भी असर पड़ा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, जापान मौसम विज्ञान एजेंसी ने भूकंप की तीव्रता रिक्टर पैमाने पर 5.9 मापी है। एजेंसी ने भूकंप के बाद सुनामी की कोई चेतावनी जारी नहीं की है।
यह भूकंप स्थानीय समयानुसार देर रात करीब 2 बजे आया। इसका केंद्र टोक्यो के उत्तर-पूर्व में स्थित इबाराकी प्रांत के दक्षिणी हिस्से में लगभग 68 किलोमीटर की गहराई में था। भूकंप के झटके इतने तेज थे कि इबाराकी, सैतामा, चिबा प्रांतों और टोक्यो के 23 वार्डों में जापानी भूकंपीय तीव्रता पैमाने पर 'लोअर 5' स्तर का कंपन महसूस किया गया। यह 7-स्तरीय जापानी पैमाने पर एक काफी तेज झटका माना जाता है।
सरकार की प्रतिक्रिया और चेतावनी
जापान की प्रधानमंत्री सनाए तकाइची ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म 'एक्स' पर जानकारी देते हुए बताया कि भूकंप के तुरंत बाद प्रधानमंत्री कार्यालय के संकट प्रबंधन केंद्र में एक संपर्क कक्ष स्थापित कर दिया गया है। उन्होंने लिखा, "मैंने अधिकारियों को नुकसान की पूरी जानकारी जुटाने, जनता तक समय पर और सही जानकारी पहुंचाने तथा आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए हैं।" प्रधानमंत्री ने प्रभावित क्षेत्रों के निवासियों से सतर्क रहने की अपील करते हुए कहा कि आने वाले समय में इसी तरह की तीव्रता वाले एक और भूकंप की आशंका से इनकार नहीं किया जा सकता। मौसम विभाग ने भी लोगों को अगले एक सप्ताह, खासकर शुरुआती दो-तीन दिनों तक, सावधान रहने की सलाह दी है।
जान-माल पर असर
स्थानीय अग्निशमन विभागों के हवाले से क्योडो न्यूज ने बताया कि भूकंप के कारण कई लोगों को चोटें आईं। घायलों में सैतामा में एक युवक और करीब 70 वर्षीय एक महिला शामिल हैं। इसके अलावा, राजधानी टोक्यो के दक्षिण में स्थित कावासाकी में भी तीन लोगों के घायल होने की खबर है। टोक्यो के कोतो वार्ड में एक पानी का पाइप फट गया, जिसकी जांच की जा रही है कि क्या यह भूकंप की वजह से हुआ। हालांकि, शुरुआत में किसी बड़े ढांचागत नुकसान की पुष्टि नहीं हुई थी।
परमाणु संयंत्र सुरक्षित, परिवहन प्रभावित
भूकंप के बाद संबंधित ऑपरेटरों ने स्पष्ट किया कि इबाराकी प्रांत के टोकाई नंबर-2 परमाणु ऊर्जा संयंत्र, फुकुशिमा दाइइची और फुकुशिमा दाइनी संयंत्रों में किसी भी तरह की कोई असामान्यता नहीं पाई गई है। वहीं, भूकंप के कारण रेल यातायात पर असर पड़ा। ईस्ट जापान रेलवे और अन्य ऑपरेटरों ने बताया कि कुछ ट्रेन सेवाओं की शुरुआत में देरी हुई, जबकि कुछ ट्रेनें धीमी गति से चलीं। सुबह 9:40 बजे तक ज्यादातर सेवाएं सामान्य हो गईं, लेकिन टोबू रेलवे की कुछ एक्सप्रेस ट्रेनें निलंबित रहीं।
इनपुट: IANS



