ISRO में साइंटिस्ट बनने का अवसर: मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र में निकलीं भर्तियां, जानें पूरी प्रक्रिया
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र (HSFC) में काम करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक…
भारतीय अंतरिक्ष अनुसंधान संगठन (ISRO) के प्रतिष्ठित मानव अंतरिक्ष उड़ान केंद्र (HSFC) में काम करने का सपना देख रहे युवाओं के लिए एक सुनहरा अवसर आया है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के मुताबिक, बेंगलुरु स्थित इस केंद्र ने साइंटिस्ट/इंजीनियर ‘एसडी’ के कई पदों पर सीधी भर्ती के लिए आवेदन आमंत्रित किए हैं। इन पदों के लिए ऑनलाइन आवेदन प्रक्रिया 10 अगस्त से शुरू हो रही है।
इच्छुक और योग्य उम्मीदवार इसरो-एचएसएफसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 30 अगस्त, शाम 5 बजे तक अपना रजिस्ट्रेशन पूरा कर सकते हैं। आवेदन करने से पहले सभी पात्रता मानदंडों को ध्यान से पढ़ लेना आवश्यक है।
पात्रता और आयु सीमा
इस भर्ती के लिए आवेदन करने वाले उम्मीदवारों के पास संबंधित विषय में प्रथम श्रेणी के साथ बीई/बीटेक/बीएससी/बीएस, एमई/एमटेक/एमएस/एमएससी और पीएचडी की डिग्री होनी चाहिए। वहीं, आवेदकों के लिए अधिकतम आयु सीमा 35 वर्ष निर्धारित की गई है, जिसकी गणना 30 अगस्त को आधार मानकर की जाएगी। हालांकि, आरक्षित श्रेणी के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट प्रदान की जाएगी।
किन पदों पर होगी भर्ती?
जारी अधिसूचना के अनुसार, विभिन्न विशेषज्ञता वाले क्षेत्रों में कुल 6 पदों पर भर्ती की जाएगी। इनमें बायो-इंस्ट्रूमेंटेशन/बायोफिजिक्स/मेडिकल फिजिक्स, डेवलपमेंटल बायोलॉजी/बायोटेक्नोलॉजी, सेलुलर और मॉलिक्यूलर बायोलॉजी/सेल बायोलॉजी, और कम्प्यूटेशनल बायोलॉजी/सिस्टम्स बायोलॉजी/बायोइंफॉर्मेटिक्स के लिए एक-एक पद है। इसके अलावा बायोमेडिकल इंजीनियरिंग/बायोमेडिकल साइंसेज में दो पद शामिल हैं।
चयन प्रक्रिया और वेतन
योग्य उम्मीदवारों का चयन एक व्यवस्थित प्रक्रिया के तहत होगा, जिसमें पहले आवेदनों की स्क्रीनिंग और शॉर्टलिस्टिंग की जाएगी। इसके बाद शॉर्टलिस्ट किए गए उम्मीदवारों को व्यक्तिगत साक्षात्कार (Personal Interview) के लिए बुलाया जाएगा। अंतिम रूप से चयनित होने वाले अभ्यर्थियों को पे मैट्रिक्स के लेवल-11 के तहत वेतन मिलेगा, जो 67,700 रुपये से लेकर 2,08,700 रुपये प्रति माह तक होगा। इसके अतिरिक्त, उन्हें अन्य सरकारी भत्ते और लाभ भी दिए जाएंगे। भर्ती से जुड़ी विस्तृत जानकारी के लिए उम्मीदवारों को इसरो-एचएसएफसी की आधिकारिक वेबसाइट पर जारी नोटिफिकेशन देखने की सलाह दी गई है।
इनपुट: IANS



