दुबई-तेल अवीव उड़ान में हाईजैक की आशंका, सऊदी अरब में इमरजेंसी लैंडिंग के बाद इज़रायल ने ली राहत की साँस
दुबई से 150 से अधिक यात्रियों को लेकर तेल अवीव जा रही एक उड़ान में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान से हाईजैक का सिग्नल मिलने की अपुष्ट खबरें आईं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार…
दुबई से 150 से अधिक यात्रियों को लेकर तेल अवीव जा रही एक उड़ान में बुधवार को उस समय हड़कंप मच गया, जब विमान से हाईजैक का सिग्नल मिलने की अपुष्ट खबरें आईं। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, विमान को सऊदी अरब के तबुक हवाई अड्डे पर सुरक्षित उतार लिया गया, जिसके बाद इजरायली अधिकारियों ने इस घटना को अपहरण की कोशिश मानने से इनकार कर दिया।
शुरुआती रिपोर्ट्स में विमान के अपहरण की आशंका जताई गई थी, लेकिन बाद में स्थिति स्पष्ट हुई। द टाइम्स ऑफ इज़रायल ने इजरायली सुरक्षा सूत्रों के हवाले से बताया कि यह घटना पायलटों के बीच हुई किसी बहस का नतीजा थी। इसी वजह से विमान को "गैर-कानूनी दखल" और एक सामान्य आपातकालीन सिग्नल जारी करना पड़ा।
आपातकालीन सिग्नल और इजरायल की त्वरित प्रतिक्रिया
फ्लाईदुबई की इस उड़ान ने उड़ान भरने के कुछ देर बाद ही अंतरराष्ट्रीय आपातकालीन सिग्नल 'स्क्वॉक कोड' 7700 भेजा था। फ्लाइट-ट्रैकिंग डेटा से पता चलता है कि कुछ समय बाद 7500 कोड भी सक्रिय हुआ, जिसका इस्तेमाल आमतौर पर विमान के हाईजैक होने या उसमें किसी गैर-कानूनी हस्तक्षेप की स्थिति में किया जाता है। हालांकि, इस कोड के इस्तेमाल की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है।
सिग्नल मिलते ही इजरायली वायु सेना ने तुरंत अपने लड़ाकू विमानों को रवाना कर दिया। सुरक्षा सूत्रों के मुताबिक, एहतियात के तौर पर इज़रायल ने कुछ समय के लिए अपने हवाई क्षेत्र को भी बंद कर दिया था। विमान के सऊदी अरब में सुरक्षित उतरने के बाद ही हवाई क्षेत्र को दोबारा खोला गया।
सेना प्रमुख ने की समीक्षा बैठक
इस घटना की गंभीरता को देखते हुए इजरायली रक्षा बल (आईडीएफ) के चीफ ऑफ स्टाफ, लेफ्टिनेंट जनरल एयाल जमीर ने वरिष्ठ अधिकारियों के साथ एक समीक्षा बैठक की। इस बैठक में वायु सेना प्रमुख मेजर जनरल ओमर टिशलर, ऑपरेशन्स डायरेक्टरेट के प्रमुख मेजर जनरल इत्जिक कोहेन और इंटेलिजेंस डायरेक्टरेट के प्रमुख मेजर जनरल श्लोमी बाइंडर शामिल हुए।
इनपुट: IANS



