होरमुज़ जलडमरूमध्य पर नियंत्रण की तैयारी में ईरान, संसद ने राष्ट्रीय सुरक्षा समिति को भेजे 12 ड्राफ्ट बिल
ईरान अपनी रणनीतिक होरमुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर नियंत्रण और प्रबंधन को लेकर गंभीर कदम उठा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की संसद (मजलिस) ने इस उद्देश्य से तैयार…
ईरान अपनी रणनीतिक होरमुज़ जलडमरूमध्य (Strait of Hormuz) पर नियंत्रण और प्रबंधन को लेकर गंभीर कदम उठा रहा है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, ईरान की संसद (मजलिस) ने इस उद्देश्य से तैयार किए गए 12 ड्राफ्ट बिलों को राष्ट्रीय सुरक्षा और विदेश नीति समिति के पास भेज दिया है। इन प्रस्तावों में समुद्री क्षेत्र से जुड़े कानूनों में संशोधन भी शामिल है।
ईरानी मीडिया 'ईरान इंटरनेशनल' ने संसदीय प्रवक्ता के हवाले से बताया कि इन सभी ड्राफ्ट बिलों को इसी हफ्ते एक ही विधेयक में मिला दिया जाएगा। इसके बाद इसे अंतिम मंजूरी के लिए सदन में मतदान के लिए पेश किया जाएगा।
कानूनी और आर्थिक पहलुओं की समीक्षा
इस प्रक्रिया में न्यायपालिका, नागरिक और आर्थिक मामलों से जुड़ी सहायक समितियाँ भी शामिल हैं। ये समितियाँ समुद्री नौवहन के नियमों, साझा फंडिंग की व्यवस्था और नियमों का उल्लंघन करने पर दिए जाने वाले कानूनी दंड जैसे महत्वपूर्ण प्रावधानों की गहन समीक्षा कर रही हैं।
अमेरिका पर नए रास्ते को बढ़ावा देने का आरोप
ईरान के विदेश मंत्री अब्बास अराघची ने अमेरिका पर निशाना साधते हुए कहा है कि उन्हें वाशिंगटन से कोई अच्छा बर्ताव नहीं मिला है। उन्होंने आरोप लगाया कि अमेरिका फारस की खाड़ी में तेहरान द्वारा निर्धारित मार्ग के बजाय एक नए शिपिंग रूट को बढ़ावा दे रहा है। शंघाई सहयोग संगठन की बैठक के मौके पर अराघची ने कहा, "यह ध्यान देने वाली बात है कि अमेरिका ने एक नया रास्ता खोला है और जहाजों से इसका इस्तेमाल करने पर जोर दिया।" उन्होंने दावा किया कि ईरान के पास इस बात के सबूत हैं कि जो जहाज तेहरान के बताए रास्ते का इस्तेमाल करना चाहते थे, उनसे संपर्क कर उन्हें दक्षिणी मार्ग अपनाने के लिए उकसाया गया।
ईरान की ओर से कड़ी चेतावनी
इस बीच, ईरान के खतम अल-अनबिया सेंट्रल हेडक्वार्टर के कमांडर मेजर जनरल अली अब्दुल्लाही ने शनिवार को एक बेहद कड़ी चेतावनी जारी की। उन्होंने इसे 'लड़ाई के मैदान का नया समीकरण' बताते हुए कहा कि हर एक ईरानी नागरिक के मारे जाने पर एक अमेरिकी सैनिक को मारा जाएगा। न्यूज एजेंसी IRNA को दिए संदेश में उन्होंने कहा, "अब हम जंग के मैदान का एक पक्का और घोषित समीकरण मानते हैं कि हर गर्वित ईरानी नागरिक की शहादत के बदले, एक अमेरिकी सेना को जहन्नुम भेजा जाएगा। हमने आपके लिए नर्क के लिए मुफ्त वन-वे टिकट तैयार किए हैं।"
इनपुट: IANS



