IIT बॉम्बे: छात्र की आत्महत्या पर प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी, निदेशक के इस्तीफे पर अड़े छात्र संगठन
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), बॉम्बे में एक छात्र की आत्महत्या के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों ने संस्थान के निदेशक के इस्तीफे की मांग दोहराई है…
भारतीय प्रौद्योगिकी संस्थान (IIT), बॉम्बे में एक छात्र की आत्महत्या के बाद शुरू हुआ विरोध प्रदर्शन चौथे दिन भी जारी रहा। प्रदर्शनकारी छात्र संगठनों ने संस्थान के निदेशक के इस्तीफे की मांग दोहराई है और जब तक मांग पूरी नहीं होती, तब तक आंदोलन जारी रखने का ऐलान किया है। यह मामला बीटेक छात्र साहिल वाकोडे की आत्महत्या से जुड़ा है।
समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, प्रदर्शन में शामिल मुंबई विश्वविद्यालय की एक छात्रा सना ने कहा कि उनकी मांगें वही हैं जो पहले दिन से थीं। उन्होंने इस घटना को 'संस्थागत हत्या' बताते हुए सभी संबंधित प्रोफेसरों और अधिकारियों से माफी और इस्तीफे की मांग की है। सना ने इस बात पर जोर दिया कि एक साल में चार छात्रों की मौत कोई सामान्य बात नहीं है और इसके लिए व्यवस्था में बदलाव तथा जवाबदेही तय होनी चाहिए।
जाति-आधारित उत्पीड़न की भी जांच की मांग
प्रदर्शनकारियों ने इस मामले में जाति-आधारित उत्पीड़न के एंगल से भी जांच की मांग उठाई है। सना ने बताया कि पिछले एक वर्ष में आत्महत्या करने वाले चार छात्रों में से तीन दलित समुदाय से थे। उन्होंने कहा, "यह जांच का विषय है कि क्या इन छात्रों को उनकी जाति के आधार पर उत्पीड़न का सामना करना पड़ रहा था। अगर संस्थान के छात्रों या फैकल्टी द्वारा ऐसा किया जा रहा है, तो यह बेहद शर्मनाक है और इसकी जांच होनी चाहिए।"
निदेशक के इस्तीफे तक जारी रहेगा प्रदर्शन
आंदोलनकारी छात्रों का कहना है कि IIT बॉम्बे के निदेशक ने इस्तीफा देने की बात कही है, लेकिन अब तक उन्होंने अपना पद नहीं छोड़ा है। छात्रा सना ने IANS से कहा, "जब तक हम यह नहीं देख लेते कि संस्थान के निदेशक ने इस्तीफा दे दिया है, तब तक यह प्रदर्शन लगातार जारी रहेगा।" यह पिछले दो महीनों में छात्र आत्महत्या का दूसरा मामला है, जिसने छात्रों के आक्रोश को और बढ़ा दिया है।
इनपुट: IANS



