नेशनल बुक ट्रस्ट में कई भाषाओं के लिए संपादकीय सहायक की भर्तियाँ, ₹55,000 तक वेतन
अगर आप प्रकाशन (publishing) की दुनिया में नौकरी तलाश रहे हैं, तो नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) में आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, NBT ने 17 अलग-अलग भाषाओं के लिए…
अगर आप प्रकाशन (publishing) की दुनिया में नौकरी तलाश रहे हैं, तो नेशनल बुक ट्रस्ट (NBT) में आपके लिए एक अच्छा अवसर हो सकता है। समाचार एजेंसी IANS की रिपोर्ट के अनुसार, NBT ने 17 अलग-अलग भाषाओं के लिए संपादकीय सहायक (Editorial Assistant) के पदों पर भर्ती के लिए आवेदन मंगाए हैं। इन पदों के लिए आवेदन प्रक्रिया 15 सितंबर से शुरू हो चुकी है और उम्मीदवार 30 सितंबर तक ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
यह भर्ती पूरी तरह से कॉन्ट्रैक्ट के आधार पर है, जो शुरुआत में तीन महीने के लिए होगी। हालांकि, ट्रस्ट की आवश्यकता के अनुसार इस अवधि को आगे भी बढ़ाया जा सकता है। भर्तियाँ एक मैनपावर एजेंसी के माध्यम से की जा रही हैं।
किन भाषाओं में हैं पद?
नेशनल बुक ट्रस्ट ने कुल 17 रिक्तियों की घोषणा की है, जिसमें हर भाषा के लिए एक-एक पद शामिल है। ये भाषाएँ हैं: तेलुगु, कन्नड़, उड़िया, गुजराती, मलयालम, बोडो, डोगरी, कश्मीरी, कोंकणी, मणिपुरी, मैथिली, नेपाली, संस्कृत, सिंधी, संथाली, पंजाबी और हिंदी।
योग्यता और आयु सीमा
शैक्षणिक योग्यता: आवेदन करने के लिए उम्मीदवार के पास किसी भी मान्यता प्राप्त विश्वविद्यालय से ग्रेजुएशन की डिग्री होनी चाहिए। हालांकि, संबंधित भाषा में मास्टर डिग्री रखने वाले आवेदकों को प्राथमिकता दी जाएगी।
अनुभव: आवेदकों के पास किसी पब्लिशिंग हाउस के संपादकीय विभाग में कम से कम एक साल का कार्य अनुभव होना चाहिए। इसके अलावा अनुवाद, कॉपी एडिटिंग, प्रूफरीडिंग में दक्षता के साथ-साथ लिखित और मौखिक संवाद कौशल भी आवश्यक है। उम्मीदवारों को संबंधित भाषा में पेजमेकर, इनडिजाइन, डीटीपी कंपोजिंग जैसे कंप्यूटर एप्लीकेशन का ज्ञान भी होना चाहिए।
आयु सीमा: इन पदों के लिए अधिकतम आयु 40 वर्ष निर्धारित की गई है। आरक्षित वर्ग के उम्मीदवारों को सरकारी नियमों के अनुसार आयु सीमा में छूट दी जाएगी।
वेतन और आवेदन प्रक्रिया
इन पदों पर चयनित होने वाले उम्मीदवारों को प्रति माह 45,000 रुपये से 55,000 रुपये के बीच वेतन मिलेगा। इच्छुक और योग्य उम्मीदवार नेशनल बुक ट्रस्ट की आधिकारिक वेबसाइट पर जाकर 30 सितंबर तक अपना आवेदन पूरा कर सकते हैं।
इनपुट: IANS



