IIT बॉम्बे छात्र की मौत: न्याय के लिए माता-पिता की भूख हड़ताल, आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। साहिल के माता-पिता, रवींद्र और सोनाली वाकोडे ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुंबई के आजाद मैदान…
आईआईटी बॉम्बे के छात्र साहिल वाकोडे की मौत के मामले में न्याय की मांग तेज हो गई है। साहिल के माता-पिता, रवींद्र और सोनाली वाकोडे ने आरोपियों की तत्काल गिरफ्तारी की मांग करते हुए मुंबई के आजाद मैदान में भूख हड़ताल शुरू कर दी है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, परिवार का कहना है कि जब तक एफआईआर में नामजद लोगों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, उनका यह अनशन जारी रहेगा।
साहिल के पिता रवींद्र वाकोडे ने जांच पर भरोसा जताते हुए कार्रवाई में तेजी की मांग की। उन्होंने कहा, "जिन लोगों का नाम एफआईआर में है उन्हें गिरफ्तार किया जाए। जब तक मेरी यह मांग पूरी नहीं हो जाती, तब तक भूख हड़ताल जारी रहेगी।" उन्होंने यह भी बताया, "जांच सही तरीके से हो रही है, लेकिन मेरी मांग है कि पुलिस जल्द से जल्द सबूत इकट्ठा कर आरोपियों को गिरफ्तार करे।" परिवार ने क्राइम ब्रांच को अपना बयान दर्ज कराकर जांच में पूरा सहयोग दिया है।
न्याय के लिए परिवार की गुहार
बेटे को खोने के गम में डूबीं साहिल की मां सोनाली वाकोडे ने भी न्याय की गुहार लगाई है। उनकी बस एक ही मांग है: "आरोपियों को जल्दी से जल्दी अरेस्ट किया जाए, यही हमारी मांग है। मेरे बच्चे के लिए मुझे न्याय चाहिए।"
परिवार का कानूनी पक्ष रख रहे एडवोकेट निखिल कांबले ने भी प्रदर्शन का उद्देश्य स्पष्ट किया। उन्होंने कहा, "साहिल का परिवार आजाद मैदान में भूख हड़ताल पर बैठा है। उनकी एक ही मांग है कि एफआईआर में जिनके नाम हैं, उनको अरेस्ट किया जाना चाहिए।" उन्होंने यह भी बताया कि यह मामला अब क्राइम ब्रांच देख रही है और उन्हें उम्मीद है कि जांच सही दिशा में आगे बढ़ेगी। वकील के मुताबिक, जब तक गिरफ्तारी नहीं होती, यह प्रदर्शन जारी रहेगा।
एडवोकेट कांबले ने यह भी जानकारी दी कि हाईकोर्ट के निर्देशों के अनुसार, शांतिपूर्ण प्रदर्शन के लिए रोजाना अनुमति लेनी होती है, जिसका पालन किया जा रहा है।
इनपुट: IANS



