विवेकानंद रेड्डी हत्याकांड: मनी लॉन्ड्रिंग जांच में ED ने सांसद अविनाश रेड्डी को भेजा समन
आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कडप्पा से सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी को नोटिस जारी किया है। समाचार…
आंध्र प्रदेश के पूर्व मंत्री वाई.एस. विवेकानंद रेड्डी की हत्या के मामले में प्रवर्तन निदेशालय (ED) ने जांच का दायरा बढ़ाते हुए कडप्पा से सांसद वाई.एस. अविनाश रेड्डी को नोटिस जारी किया है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, ईडी ने उन्हें 14 अक्टूबर को पूछताछ के लिए पेश होने का निर्देश दिया है। अविनाश रेड्डी, पूर्व मुख्यमंत्री वाई.एस. जगन मोहन रेड्डी के चचेरे भाई हैं और इस हत्याकांड में आरोपी भी हैं।
यह मामला मार्च 2019 में विवेकानंद रेड्डी की उनके पुलिवेंदुला स्थित आवास पर हुई हत्या से जुड़ा है। चुनाव से कुछ ही हफ्ते पहले हुई इस घटना के समय 68 वर्षीय पूर्व सांसद घर पर अकेले थे।
वित्तीय लेन-देन की जांच
ईडी की यह कार्रवाई हत्या की साजिश में हुए कथित वित्तीय लेन-देन और मनी लॉन्ड्रिंग के एंगल से हो रही है। केंद्रीय जांच ब्यूरो (CBI) को संदेह है कि विवेकानंद रेड्डी की हत्या के लिए आरोपियों को 40 करोड़ रुपये की 'सुपारी' दी गई थी। ईडी इसी सिलसिले में 4 करोड़ रुपये के कथित ट्रांसफर और शेख दस्तगीर नाम के एक आरोपी को दिए गए 1 करोड़ रुपये के एडवांस पेमेंट की भी जांच कर रही है।
सीबीआई द्वारा दर्ज मामले और उसकी चार्जशीट के आधार पर ईडी ने पिछले साल अगस्त में एनफोर्समेंट केस इन्फॉर्मेशन रिपोर्ट (ईसीआईआर) दर्ज कर अपनी जांच शुरू की थी।
अन्य आरोपियों से पूछताछ के बाद समन
अविनाश रेड्डी को यह समन मामले के अन्य आरोपियों से हुई हालिया पूछताछ के बाद भेजा गया है। ईडी ने इससे पहले येरा गांगी रेड्डी, उमा शंकर रेड्डी, सुनील यादव और सरकारी गवाह बन चुके शेख दस्तगीर से पूछताछ की थी। एजेंसी ने पिछले हफ्ते ही सुनील यादव का बयान दर्ज किया था, जिसके आधार पर गांगी रेड्डी और उमाशंकर रेड्डी से सवाल-जवाब किए गए।
उल्लेखनीय है कि सीबीआई ने इस मामले की जांच 2020 में विवेकानंद रेड्डी की बेटी सुनीता रेड्डी की याचिका पर आंध्र प्रदेश हाई कोर्ट के आदेश के बाद अपने हाथ में ली थी। सीबीआई इस मामले में 2021 से लेकर 2023 तक कई चार्जशीट दाखिल कर चुकी है और अविनाश रेड्डी के पिता वाई.एस. भास्कर रेड्डी को भी गिरफ्तार कर चुकी है।
इनपुट: IANS



