CEC ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर दिल्ली में प्रदर्शन, राहुल गांधी ने कहा- 'सिस्टम भी जाएगा'
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि न केवल ज्ञानेश कुमार को जाना…
कांग्रेस सांसद राहुल गांधी ने मुख्य चुनाव आयुक्त (सीईसी) ज्ञानेश कुमार के खिलाफ हुए विरोध प्रदर्शनों पर अपनी प्रतिक्रिया व्यक्त की है। उन्होंने सोशल मीडिया पर कहा कि न केवल ज्ञानेश कुमार को जाना होगा, बल्कि उन्हें इस पद पर बैठाने वाला 'सिस्टम' भी जाएगा। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, राहुल गांधी ने गांधी जयंती का जिक्र करते हुए लिखा कि हजारों युवा 'वोट चोरी' के खिलाफ शांतिपूर्वक सड़कों पर हैं और अपने संवैधानिक अधिकारों का उपयोग कर रहे हैं।
उन्होंने अपने एक्स (X) पोस्ट में आगे लिखा, “उनकी मांग साफ है - ज्ञानेश कुमार इस्तीफा दें।” महात्मा गांधी की शिक्षाओं का हवाला देते हुए उन्होंने कहा, “बापू ने यही सिखाया था - सच बोलो, शांति से लड़ो और यही सरकार को सबसे ज्यादा डराता है, क्योंकि लाठी से भीड़ रोकी जा सकती है, सवाल नहीं।”
दिल्ली में विरोध प्रदर्शन और पुलिस कार्रवाई
शुक्रवार को दिल्ली में मुख्य चुनाव आयुक्त ज्ञानेश कुमार के इस्तीफे की मांग को लेकर कई संगठनों ने मिलकर विरोध प्रदर्शन किया। इन संगठनों में सीजेपी, वामपंथी छात्र संगठन और कई अन्य समूह शामिल थे, जिनके साथ बड़ी संख्या में छात्र और कार्यकर्ता भी मौजूद थे।
रिपोर्ट्स के मुताबिक, दिल्ली पुलिस ने जंतर-मंतर इलाके में भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता (बीएनएसएस), 2023 की धारा 163 के तहत निषेधाज्ञा लागू की हुई थी। प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने कई प्रदर्शनकारियों को हिरासत में ले लिया। पुलिस ने आम आदमी पार्टी समेत कई अन्य राजनीतिक दलों के नेताओं को भी प्रदर्शन स्थल से हटाया और कुछ को हिरासत में भी लिया।
इनपुट: IANS



