UP STF की बड़ी कार्रवाई: दिल्ली से 10 करोड़ की ड्रग्स के साथ नाइजीरियाई साइबर ठग गिरफ्तार
उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़े साइबर फ्रॉड और ड्रग्स तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय ओबेस…
उत्तर प्रदेश की स्पेशल टास्क फोर्स (UP STF) ने एक बड़े साइबर फ्रॉड और ड्रग्स तस्करी रैकेट का पर्दाफाश करते हुए दिल्ली से एक नाइजीरियाई नागरिक को गिरफ्तार किया है। आरोपी की पहचान 27 वर्षीय ओबेस प्रॉस्पर के तौर पर हुई है, जो खुद को अमेरिका या ब्रिटेन का नागरिक बताकर सोशल मीडिया पर लोगों को अपना निशाना बनाता था। समाचार एजेंसी IANS के मुताबिक, आरोपी के कब्जे से 10 करोड़ रुपये से अधिक कीमत की ड्रग्स भी बरामद हुई है।
एसटीएफ के अनुसार, यह गिरोह फेसबुक और इंस्टाग्राम जैसे प्लेटफॉर्म पर भारतीय पुरुषों और महिलाओं से दोस्ती करता था। भरोसा जीतने के बाद, आरोपी उन्हें महंगे तोहफे या विदेशी मुद्रा भेजने का झांसा देता था। इसके बाद, गिरोह के सदस्य खुद को कस्टम या आयकर अधिकारी बताकर पीड़ितों को फोन करते और बताते कि उनका पार्सल हवाई अड्डे पर रोक लिया गया है। इस पार्सल को छुड़ाने के नाम पर टैक्स और अन्य शुल्कों के बहाने उनसे लाखों रुपये ठग लिए जाते थे।
लखनऊ के युवक से 68 लाख की ठगी
इसी तरह के एक मामले में इस गिरोह ने लखनऊ के डालीगंज निवासी एक युवक से फेसबुक पर दोस्ती कर 68 लाख रुपये ठग लिए थे। इस मामले में प्रॉस्पर के एक साथी उचेनवा ने भी उसकी मदद की थी। घटना के बाद लखनऊ के मदेहगंज थाने में केस दर्ज किया गया था, जिसके बाद से एसटीएफ आरोपी की तलाश में जुटी थी।
वीजा खत्म होने के बाद भी अवैध रूप से रह रहा था
पूछताछ में प्रॉस्पर ने खुलासा किया कि वह 2023 में मेडिकल वीजा पर भारत आया था और वीजा की अवधि समाप्त होने के बावजूद अवैध रूप से दिल्ली के राजू पार्क इलाके में रह रहा था। एसटीएफ ने उसके पास से 5.085 किलोग्राम मेथामफेटामाइन, पांच मोबाइल फोन और दो पासपोर्ट जब्त किए हैं। जब्त की गई ड्रग्स की कीमत अंतरराष्ट्रीय बाजार में 10 करोड़ रुपये से ज्यादा बताई जा रही है। अधिकारियों ने बताया कि 15 मई को एसटीएफ ने प्रॉस्पर के एक सहयोगी को दिल्ली से गिरफ्तार किया था, जिससे उसकी ड्रग्स तस्करी में संलिप्तता का पता चला। इसी जानकारी के आधार पर एसटीएफ और नारकोटिक्स कंट्रोल ब्यूरो (NCB) ने संयुक्त अभियान चलाकर प्रॉस्पर को गिरफ्तार किया।
इनपुट: IANS



