फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास UN महासभा में नहीं हो पाएंगे शामिल, अमेरिकी वीज़ा से इनकार पर UN प्रमुख ने जताया खेद
फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास लगातार दूसरे साल संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च-स्तरीय वार्षिक सत्र में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो पाएंगे। इसका कारण अमेरिका द्वारा उन्हें और अन्य फिलिस्तीनी…
फिलिस्तीनी राष्ट्रपति महमूद अब्बास लगातार दूसरे साल संयुक्त राष्ट्र महासभा के उच्च-स्तरीय वार्षिक सत्र में व्यक्तिगत रूप से शामिल नहीं हो पाएंगे। इसका कारण अमेरिका द्वारा उन्हें और अन्य फिलिस्तीनी अधिकारियों को वीज़ा देने से इनकार करना है। समाचार एजेंसी IANS के अनुसार, संयुक्त राष्ट्र महासचिव एंटोनियो गुटेरेस ने अमेरिका के इस फैसले पर गहरा अफसोस जताया है।
संयुक्त राष्ट्र महासभा ने एक प्रस्ताव पारित कर राष्ट्रपति अब्बास को वीडियो लिंक के माध्यम से सत्र को संबोधित करने की अनुमति दे दी है। यह प्रस्ताव भारी बहुमत से पारित हुआ, जिसके पक्ष में 152 वोट पड़े। केवल अमेरिका, इज़रायल और पैराग्वे ने इसके खिलाफ मतदान किया, जबकि चार देशों ने वोटिंग में हिस्सा नहीं लिया। भारत ने भी फिलिस्तीनी राष्ट्रपति को वर्चुअली शामिल होने की अनुमति देने वाले इस प्रस्ताव का समर्थन किया है।
संयुक्त राष्ट्र की मेजबान देश से अपील
महासचिव गुटेरेस के मुख्य प्रवक्ता स्टीफन दुजारिक ने कहा, "महासचिव को अमेरिका की उस घोषणा पर गहरा अफसोस है जिसमें उन प्रतिबंधों को बढ़ाया गया है, जिनके तहत फिलिस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन के सदस्यों और फ़िलिस्तीनी अथॉरिटी के अधिकारियों को संयुक्त राष्ट्र की बैठकों में शामिल होने के लिए वीजा नहीं दिया जाएगा।"
प्रवक्ता के मुताबिक, महासचिव ने मेजबान देश अमेरिका से 1947 के यूएन-यूएस मुख्यालय समझौते के तहत अपनी जिम्मेदारियों का पालन करने और सभी प्रतिनिधिमंडलों को वीज़ा जारी करने का आग्रह किया है। उन्होंने यह भी बताया कि गुटेरेस इस मुद्दे पर अमेरिकी अधिकारियों से बातचीत जारी रखेंगे।
अमेरिका ने क्या तर्क दिया?
अमेरिका ने वीज़ा प्रतिबंधों का बचाव करते हुए कहा है कि फिलिस्तीन की नीति आतंकवाद के पक्ष में है। अमेरिका की उप स्थायी प्रतिनिधि टैमी ब्रूस ने कहा, "हम अपनी इस मांग पर अड़े रहेंगे कि फिलिस्तीनी अथॉरिटी और पीएलओ (फिलिस्तीन लिबरेशन ऑर्गनाइजेशन, जो अथॉरिटी को नियंत्रित करता है) पूरी तरह से और बिना किसी शर्त के आतंकवाद को छोड़ दें। उन्होंने अभी तक ऐसा नहीं किया है।"
हालांकि, यह भी गौर करने वाली बात है कि अमेरिका ने ईरान के राष्ट्रपति मसूद पेज़ेश्कियन और विदेश मंत्री अब्बास अरागची को इसी उच्च-स्तरीय सत्र में भाग लेने के लिए वीज़ा जारी किया है।
इनपुट: IANS



