संयुक्त राष्ट्र में बोला UAE: खाड़ी में तनाव कम करने और बातचीत को बढ़ावा देने के लिए प्रतिबद्ध
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शांति और कूटनीति का आह्वान किया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी बात रखते हुए UAE ने स्पष्ट किया कि…
खाड़ी क्षेत्र में बढ़ते तनाव और संघर्ष के बीच संयुक्त अरब अमीरात (UAE) ने अंतरराष्ट्रीय मंच पर शांति और कूटनीति का आह्वान किया है। संयुक्त राष्ट्र महासभा में अपनी बात रखते हुए UAE ने स्पष्ट किया कि वह विवादों के शांतिपूर्ण समाधान, बातचीत को बढ़ावा देने और तनाव कम करने की नीति पर कायम है। समाचार एजेंसी IANS की एक रिपोर्ट के अनुसार, UAE ने इस दौरान ईरान के कब्जे वाले अपने तीन सामरिक द्वीपों का मुद्दा भी पुरजोर तरीके से उठाया।
UAE के विदेश मामलों के राज्य मंत्री खलीफा शाहीन अल मरार ने महासभा में कहा, "हमारा सैद्धांतिक रुख तनाव कम करने, देशों के बीच दूरियां कम करने, कूटनीति और बातचीत को बढ़ावा देने और विवादों को शांतिपूर्ण तरीके से सुलझाने पर आधारित है।" उन्होंने जोर देकर कहा कि UAE ताकत के गैरकानूनी इस्तेमाल या दबाव की राजनीति का विरोध करता है।
ईरान के कब्जे वाले तीन द्वीप
अल मरार ने ग्रेटर टुनब, लेसर टुनब और अबू मूसा द्वीपों पर ईरान के कब्जे का मुद्दा उठाते हुए इसे अस्वीकार्य बताया। ये द्वीप होर्मुज जलडमरूमध्य के पास स्थित होने के कारण रणनीतिक रूप से बेहद महत्वपूर्ण हैं। उन्होंने कहा, "ईरान ने तीन अमीराती द्वीपों पर अपना कब्जा जारी रखा है, जिसे हम स्वीकार नहीं करते। यूएई लगातार इस विवाद के शांतिपूर्ण समाधान की मांग करता रहा है। इसे सीधे बातचीत के जरिए या अंतरराष्ट्रीय न्यायालय में ले जाकर सुलझाया जा सकता है।" ईरान ने 1971 में इन द्वीपों पर नियंत्रण कर लिया था और वहां उसके इस्लामिक रिवोल्यूशनरी गार्ड कॉर्प्स (IRGC) के सैन्य ठिकाने भी हैं।
समुद्री सुरक्षा और फिलिस्तीन मुद्दा
खाड़ी क्षेत्र में संघर्ष की विस्तृत जानकारी दिए बिना, अल मरार ने अंतरराष्ट्रीय कानूनों के तहत समुद्री मार्गों पर जहाजों की स्वतंत्र और सुरक्षित आवाजाही सुनिश्चित करने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि व्यापार, ऊर्जा और सप्लाई चेन की सुरक्षा जरूरी है। इसके अतिरिक्त, इजराइल के साथ मजबूत संबंधों के बावजूद, यूएई ने फिलिस्तीनी क्षेत्रों में इजराइली कार्रवाइयों की 'कड़े शब्दों में' निंदा की। उन्होंने वेस्ट बैंक में बढ़ती बस्तियों, हिंसा और पूर्वी यरुशलम में धार्मिक स्थलों के उल्लंघन को तत्काल रोकने की मांग की। मीडिया रिपोर्ट्स के अनुसार, इजराइल के प्रधानमंत्री बेंजामिन नेतन्याहू ने हाल ही में अबू धाबी में यूएई के राष्ट्रपति शेख मोहम्मद बिन जायद अल नाहयान से मुलाकात की थी।
इनपुट: IANS



